भारत में अक्सर गांवों और शहरों की सड़कों पर कचरा, प्लास्टिक और गंदगी नजर आ जाती है। सफाई को लेकर बड़े-बड़े अभियान भी चलाए जाते हैं, लेकिन कुछ जगहों पर लोग बिना किसी बड़े शोर-शराबे के ऐसा काम कर रहे हैं, जो दूसरों के लिए मिसाल बन गया है। ओडिशा का बाबेइजोड़ा गांव भी ऐसी ही एक मिसाल है। सोशल मीडिया पर बाबेइजोड़ा गांव से जुड़ी एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। जिसे देश के जाने-माने उद्योगपति हर्ष गोयनका ने शेयर किया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
15 साल से गांव में नहीं फैलने दिया कचरा
वायरल वीडियो (Viral Video) को लेकर दावा किया गया है कि यह गांव पिछले करीब 15 साल से साफ-सुथरा, कचरा मुक्त और प्लास्टिक मुक्त बना हुआ है। खास बात यह है कि इसके पीछे किसी एक व्यक्ति की मेहनत नहीं, बल्कि पूरे समुदाय की एकजुटता बताई जा रही है। गांव की सबसे बड़ी ताकत यहां के लोगों की सोच नजर आती है। लोगों ने सफाई को सिर्फ सरकार या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी मानने के बजाय इसे अपनी जिम्मेदारी समझा। यही वजह है कि गांव में कचरा फैलाने और प्लास्टिक के इस्तेमाल को लेकर लोग खुद जागरूक रहते हैं।
साफ-सुथरे गांव की तस्वीर पर लोगों का रिएक्शन
सोशल मीडिया (Social Media) पर इस गांव का वीडियो (Video) सामने आने के बाद लोग इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि अगर एक गांव मिलकर इतने लंबे समय तक अपने आसपास के इलाके को साफ रख सकता है, तो देश के दूसरे गांव और शहर भी इससे सीख ले सकते हैं। दरअसल, किसी भी जगह को साफ रखना सिर्फ एक दिन का काम नहीं है। सफाई के लिए लगातार आदत बदलनी पड़ती है। कचरा सड़क पर न फेंकना, प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करना, कूड़े को सही जगह डालना और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना, ये छोटे कदम मिलकर बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
