सोशल मीडिया (Social Media) पर आए दिन कई वीडियो वायरल (Video Viral) होते रहते हैं, लेकिन कुछ वीडियो ऐसे होते हैं जो लोगों का दिल जीत लेते हैं। पश्चिम बंगाल से सामने आया एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों चर्चा में है। यहां रेलवे ट्रैक पार कर रहे हाथियों के झुंड को बचाने के लिए एक वन रक्षक ने ऐसा कदम उठाया, जिसकी लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। उसने लाल कपड़ा लहराकर ट्रेन के लोको पायलट को खतरे का संकेत दिया। इसके बाद ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई और हाथियों को सुरक्षित रास्ता पार करने का मौका मिला।
हाथियों को बचाने के लिए वन रक्षक ने लहराया कपड़ा
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना पश्चिम बंगाल के बागडोगरा-नक्सलबाड़ी रेल मार्ग की है। उस समय सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस इस रास्ते से गुजर रही थी। इसी दौरान हाथियों का एक झुंड रेलवे ट्रैक पार करने लगा। ट्रैक के पास मौजूद वन कर्मचारी आकाश केर्केटा की नजर हाथियों और आती हुई ट्रेन पर पड़ी। उन्हें समझ आ गया कि अगर समय रहते ट्रेन को सतर्क नहीं किया गया, तो बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बाद उन्होंने लाल कपड़ा लहराकर लोको पायलट को संकेत देना शुरू कर दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
लोको पायलट ने भी दिखाई समझदारी
वीडियो में वन रक्षक को रेलवे ट्रैक के पास खड़े होकर तेजी से कपड़ा लहराते देखा जा सकता है। वन रक्षक का मकसद ट्रेन चालक को यह बताना था कि आगे हाथियों का झुंड मौजूद है। वन रक्षक के संकेत को देखकर ट्रेन की रफ्तार धीमी हो गई। इससे हाथियों को ट्रैक पार करने का समय मिल गया। वन विभाग के कर्मचारियों और ट्रेन के चालक दल की समय पर दिखाई गई सतर्कता से गंभीर हादसा टल गया। इस घटना का वीडियो भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारी परवीन कसवान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है। उन्होंने वन रक्षक की तारीफ करते हुए टीम के काम को असली नायकों जैसा बताया।
सोशल मीडिया पर लोग कर रहे हैं तारीफ
वीडियो (Video) सामने आने के बाद लोग वन रक्षक आकाश केर्केटा और लोको पायलट की समझदारी की तारीफ कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि ऐसे कर्मचारियों की सतर्कता बेजुबान जानवरों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाती है।
हाथियों के लिए क्यों खतरनाक हैं रेलवे ट्रैक?
हाथी अक्सर भोजन और पानी की तलाश में एक जगह से दूसरी जगह जाते हैं। कई बार उनके पुराने रास्ते जंगलों और रेलवे लाइनों से होकर गुजरते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार ट्रेन उनके लिए बड़ा खतरा बन सकती है। रेलवे ट्रैक के आसपास निगरानी, वन विभाग और रेलवे कर्मचारियों के बीच तालमेल और समय रहते चेतावनी मिलने से ऐसे हादसों का खतरा कम किया जा सकता है।
