रिटायरमेंट की उम्र करीब आते ही हर व्यक्ति के सामने एक बड़ा सवाल होता है कि क्या 60 साल की उम्र में नौकरी छोड़ देनी चाहिए या कुछ साल और काम करना चाहिए? आमतौर पर लोग रिटायरमेंट के लिए एक निश्चित रकम जुटाने का लक्ष्य रखते हैं। लेकिन क्या आपने सोचा है कि अगर आप 60 की जगह 70 साल की उम्र में रिटायर हों तो आपकी आर्थिक स्थिति कितनी बदल सकती है? अगर 60 साल के बाद 10 से 6 की नौकरी करना मुश्किल लगता है, तो पार्ट टाइम काम, कंसल्टेंसी या अपने अनुभव के आधार पर कोई पेशेवर विकल्च चुन सकते हैं, जिसमें आपको एक्सपर्टाइज है। इससे बिना 9 घंटे ऑफिस में काम किए नियमित आय बनी रह सकती है।
बता दें कि 10 साल और काम करने का असर सिर्फ आपकी कमाई पर नहीं पड़ता, बल्कि बचत, निवेश, पेंशन और रिटायरमेंट के बाद होने वाले खर्चों के पूरे गणित को बदल सकता है। आइए समझते हैं कैसे?
10 साल ज्यादा काम करने के कई फायदे
रिटारयमेंट की उम्र तक अगर आप स्वास्थ्य हैं और 10 साल और काम करते हैं तो इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि इस दौरान आप अपनी बचत और निवेश जारी रख सकते हैं। साथ ही, पहले से जमा रकम को बिना निकासी के बढ़ने का समय मिलता है। तीसरा फायदा यह है कि रिटायरमेंट के बाद आपको अपनी जमा पूंजी से 10 साल कम समय तक खर्च चलाना होगा। चौथा फायदा पेंशन और दूसरे रिटायरमेंट लाभों से जुड़ा हो सकता है।
3 करोड़ रुपये तक का फंड जमा कर लेंगे
मान लीजिए किसी व्यक्ति के पास 60 साल की उम्र में 1 करोड़ रुपये का रिटायरमेंट फंड है। अगर वह 70 साल की उम्र तक नौकरी जारी रखता है और हर साल 6 लाख रुपये अतिरिक्त निवेश करता है, तो सालाना 8 फीसदी रिटर्न की दर से 10 साल बाद उसका फंड करीब 3.03 करोड़ रुपये हो सकता है।
इसमें शुरुआती 1 करोड़ रुपये पर मिलने वाला रिटर्न और हर साल किया गया नया निवेश दोनों शामिल हैं। यानी 10 साल में फंड करीब 2.03 करोड़ रुपये बढ़ सकता है। हालांकि, यह एक अनुमानित गणना है।
कंपाउंडिंग के लिए 10 साल का एक्स्ट्रा समय मिलेगा
रिटायरमेंट फंड में जमा रकम को जितना ज्यादा समय निवेशित रखा जाता है, कंपाउंडिंग का फायदा उतना ही बढ़ सकता है। उदाहरण के लिए, अगर किसी व्यक्ति के पास 1 करोड़ रुपये हैं और उसे सालाना औसतन 8 फीसदी रिटर्न मिलता है, तो बिना कोई अतिरिक्त निवेश किए भी 10 साल में यह रकम करीब 2.16 करोड़ रुपये हो सकती है। इसका मतलब है कि सिर्फ निवेश को समय देने से रकम दोगुने से ज्यादा हो सकती है।
खर्च चलाने का दबाव कम होगा
अगर कोई व्यक्ति 60 साल की जगह 70 साल में रिटायर होता है, तो उसे अपनी जमा पूंजी से खर्च चलाने के लिए 10 साल कम समय मिलेगा। उदाहरण के लिए, अगर रिटायरमेंट के बाद सालाना खर्च 6 लाख रुपये है, तो 10 साल में 60 लाख रुपये की जरूरत होगी। अतिरिक्त 10 साल काम करने से इस अवधि के खर्च के लिए रिटायरमेंट फंड से निकासी टल सकती है। इससे जमा पूंजी पर दबाव कम होगा और निवेश को बढ़ने का अतिरिक्त समय मिलेगा।
पेंशन और रिटायरमेंट दोनों में मिलेगा फायदा
10 साल अधिक नौकरी करने पर आपको एक साथ पेंशन और रिटायरमेंट का डबल फायदा मिलता है। आप आसानी से रिटायरमेंट के लिए बड़ा फंड जमा कर लेते हैं। यह आपको अधिक पेंशन दिलाने में मददगार होता है।
