देश

सीट बंटवारे पर सपा-कांगेस में तेज हुई जुबानी जंग, सपा नेता राजीव राय से इमरान मसूद बोले-अपना ज्ञान अपने पास रखें

कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद बेहट और सहारनपुर सीट पर समाजवादी पार्टी (SP) के एकतरफा उम्मीदवार घोषित करने के फैसले से नाराज हैं। इमरान मसूद दोनों सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार उतारने की मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि सपा का यह कदम गठबंधन धर्म के खिलाफ है।

Image

यूपी में सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में जुबानी जंग। तस्वीर-AI

SP-Congress Seat sharing: उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। नेता एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं। इन बयानबाजियों से सीट बंटवारे पर असर पड़ सकता है। कांग्रेस नेता इमराम मसूद के बयान के बाद सपा नेताओं ने उन पर हमला तेज कर दिया है। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद बेहट और सहारनपुर सीट पर समाजवादी पार्टी (SP) के एकतरफा उम्मीदवार घोषित करने के फैसले से नाराज हैं। इमरान मसूद दोनों सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार उतारने की मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि सपा का यह कदम गठबंधन धर्म के खिलाफ है।

बयानबाजी से सीट बंटवारे का मुद्दा लगातार तूल पकड़ रहा

इमरान मसूद फिलहाल कांग्रेस हाईकमान से बातचीत कर रहे हैं और उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं। हाईकमान से जवाब मिलने के बाद ही वह इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से अपना रुख रखेंगे। बता दें कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे का मुद्दा लगातार तूल पकड़ रहा है। दोनों दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। दरअसल, सपा सांसद राजीव राय ने मसूद पर तंज कसते हुए कहा कि ज्यादा नही बोलना चाहिए, ज्यादा बोलने से माहौल खराब हो जाता है। सपा नेता ने कहा कि जहां हमारे विधायक हैं, वे सीटें हम कांग्रेस को नहीं देंगे। इस पर राय को जवाब देते हुए इमरान ने कहा कि राजीव राय अपना ज्ञान अपने पास रखें। इमरान ने कहा कि हमने आपसे सीट नही मांगी।

कांग्रेस के लिए कम से कम 52 सीटों की सूची तैयार

रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि सपा ने कांग्रेस को देने के लिए कम से कम 52 सीटों की सूची तैयार की है। पार्टी ने इनमें से 26 सीटों की आधिकारिक घोषणा कर दी है, जबकि बाकी सीटों को बातचीत के लिए सुरक्षित रखा गया है। सपा सूत्रों का कहना है कि यदि कांग्रेस अधिक सीटों की मांग करती है और यह साबित करती है कि वह उन सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है, तो ही वे सीटें कांग्रेस को दी जाएंगी। समाजवादी पार्टी का मानना है कि वह कांग्रेस को ऐसी सीटें नहीं देगी, जहां पिछली बार उसे बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। केवल वही सीटें दी जाएंगी, जहां सपा को लगता है कि कांग्रेस जीत सकती है।

अमेठी-रायबरेली की सीटों पर समझौता नहीं करेगी सपा

इसके अलावा, अमेठी और रायबरेली की सीटों को लेकर कांग्रेस की मांग पर सपा फिलहाल किसी भी तरह के समझौते के मूड में नहीं है। वर्तमान में रायबरेली और अमेठी में समाजवादी पार्टी के चार विधायक हैं। पहले यह संख्या छह थी, लेकिन दो विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। इस तरह, रायबरेली में चार और अमेठी में दो मौजूदा विधायकों के साथ, इन दोनों क्षेत्रों में सपा का अपना मजबूत आधार रहा है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article