वायरल न्यूज़

Video: पहले जांचा-परखा फिर लगाया छलांग, बर्फीले जंगल में बनबिलाव की यह होशियारी कैमरे में हुई कैद

प्रकृति में जीवित रहने की होड़ में हर छोटा-बड़ा फैसला मायने रखता है। अगर एक भी गलती हुई तो आप या तो किसी की निवाला बन जाएंगे या फिर किसी हादसे का शिकार हो सकते हैं।

Image

बनबिलाव की चालाकी तो देखिए जरा (X/@wonderofscience)

प्रकृति हमें हमेशा हैरान कर देने वाले नजारे दिखाती है। कभी कोई अनोखा जंगली जानवर अपनी कलाबाजियां दिखाते हुए दिखता है तो कोई जंगल की दुनिया के नियमों को बरकरार रखने का काम करते दिखता है। हाल में एक ऐसा ही नजारा सोशल मीडिया पर देखने को मिला। जहां एक बनबिलाव बर्फीले जंगल में अपनी होशियारी दिखाते हुए नजर आ रहा है।

ये भी पढ़ें:

बर्फ से जमी नदी को पार करने की जुगत में दिखा बनबिलाव

वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि बनबिलाव जंगल में मौजूद एक पतली सी बर्फीली नदी के पास खड़ा है। वह उस नदी को पार करने की फिराक में हैं। मगर उस नदी पर बर्फ जमी है। अगर वह बर्फ पर दौड़कर या फिर चलकर वहां से गुजरता है तो वह नीचे पानी में समा सकता है। ऐसे में उस बनबिलाव ने अपने दिमाग का पूरा इस्तेमाल करते हुए पहले तो यह चेक किया कि बर्फ से जमी नदी उसका वजन झेल पाएगी या नहीं। इसके लिए वह अपने पंजों को बर्फ से जमी नदी पर थपथपाता है। जैसे ही उसके नुकीले पंजे नदी पर पड़ते हैं, वैसे ही नदी की सतह पर दरार पड़ जाती है।

बनबिलाव ने बदला अपना प्लान

यह देख वह बनबिलाव समझ जाता है कि वह ऐसे दौड़कर या फिर उस पर चलते हुए नदी को पार नहीं कर सकता। ऐसे में वह तुरंत अपना प्लान बदल देता है। जिसके बाद वह तुरंत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करता है। वह अपने शरीर को थोड़ा पीछे खींचता है और संतुलन बनाता है फिर एक लंबी सी छलांग लगा देता है। अगले ही पल वह नदी के इस पार से उस पार पहुंच जाता है।

वीडियो पर ऐसा रहा लोगों का रिएक्शन

बनबिलाव के इस अद्भुत वीडियो (Video) को सोशल साइट एक्स पर @wonderofscience नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "लिंक्स बर्फ की सतह को परखता है और सुरक्षित रास्ता चुनता है।" इस वीडियो को अब तक 1 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा और 1600 लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी सामने आए हुए हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए उस बनबिलाव की होशियारी की तारीफ की। एक अन्य यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए बताया कि लिंक्स यानी कि बनबिलाव अपनी मांसपेशियों की ताकत और लचीलेपन के कारण लंबी छलांगें लगा सकते हैं, जो शिकार पकड़ने में भी उनकी मदद करती है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article