क्रिकेट

SA vs BAN 2nd Test Highlights: वियान मुल्डर के सत्ते ने दिलाई दक्षिण अफ्रीका को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में धमाकेदार जीत, सीरीज पर किया 2-0 से कब्जा

दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को दो मैच की टेस्ट सीरीज के सेंचुरियन में खेले गए दूसरे और आखिरी टेस्ट के तीसरे दिन पारी और 219 रन के अंतर से पटखनी देकर सीरीज 2-0 के अंतर से अपने नाम कर ली। वियान मुल्डर ने बांग्लादेश की जीत की इबारत लिखी।

Image

वियान मुल्डर (फोटो क्रेडिट @ProteasMenCSA X)

सेंचुरियन: वियान मुल्डर ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 31 रन देकर सात विकेट झटके जिससे दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन बांग्लादेश को दूसरी पारी में 184 रन पर समेटकर पारी और 219 रन से बड़ी जीत दर्ज की और दो मैच की टेस्ट शृंखला 2-0 से अपने नाम कर ली। तीसरे दिन लंच तक बांग्लादेश का स्कोर तीन विकेट पर 109 रन था लेकिन इसके बाद टीम ने दूसरे सत्र में महज 75 रन के भीतर सात विकेट गंवा दिए। दक्षिण अफ्रीका ने जोहानिसबर्ग में पहला टेस्ट नौ विकेट से जीता था। इस जीत से उसने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका में अपना शीर्ष स्थान भी मजबूत किया।

मुल्डर ने सुबह के सत्र में दो विकेट लिए और लंच के बाद पांच और विकेट झटककर टेस्ट क्रिकेट में पहली बार पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका की ओर से यह सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी है। इस दौरान मुल्डर दक्षिण अफ्रीका के पांचवें ऐसे खिलाड़ी बन गए जिन्होंने एक ही टेस्ट मैच में शतक लगाने के साथ पांच विकेट भी हासिल किए। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी रात के स्कोर सात विकेट पर 494 रन (115 ओवर) पर घोषित की थी और 403 रन की विशाल बढ़त हासिल की थी। बांग्लादेश की पहली पारी पहले दिन ही 91 रन पर सिमट गई थी।

तीसरे दिन बांग्लादेश ने तंजीद हसन तमीम और महफिजुल इस्लाम के बीच पहले विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी से अच्छी शुरुआत की। तमीम ने 48 गेंद में 29 रन बनाए। वह मुल्डर की गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट हुए। इसके एक ओवर बाद मुल्डर ने मोमीनुल हक को भी पवेलियन भेज दिया। हक पांच गेंद खेलने के बाद बिना खाता खोले विकेट के पीछे कैच आउट हुए। इस समय बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 58 रन था। इस्लाम ने 62 गेंद में सात चौकों की मदद से 38 रन बनाए। वह 22वें ओवर में मार्को यानसन की गेंद पर पगबाधा आउट हुए।

नजमुल हुसैन शंटो और तौहीद हृदय ने चौथे विकेट के लिए 76 गेंद में 50 रन की साझेदारी की और लंच तक टीम को संभाले रखा। लंच के बाद कागिसो रबाडा ने 41 रन बनाने वाले तौहीद को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद मुल्डर ने लिटन दास को 15 रन पर बोल्ड कर दिया। 43 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर पांच विकेट पर 158 रन था। मुल्डर ने 45वें ओवर में दो विकेट झटके। उन्होंने पहले जाकेर अली को दो रन पर बोल्ड किया और फिर शरीफुल इस्लाम को पहली ही गेंद पर आउट करके टेस्ट क्रिकेट में पहली बार पारी में पांच विकेट चटकाने का कारनामा पूरा किया। मुल्डर ने 47वें ओवर में शंटो को विकेट के पीछे कैच कराया और 49वें ओवर में तास्किन अहमद (10) को बोल्ड करके दक्षिण अफ्रीका को जीत दिलाई। यानसन ने 48 रन देकर दो विकेट लिए।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article