आमतौर पर शादियों में लोग अपना रुतबा दिखाने के लिए किसी बड़े नेता, अधिकारी या कोई सेलिब्रिटी को मुख्य अतिथि बनाते हैं। कुछ तो ऐसे भी होते हैं जो इन तीनों कैटेगरी के लोगों को बुलाते हैं लेकिन उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के रहने वाले एक युवक ने बिल्कुल अलग और इंसानियत भरा कदम उठाया, जिसकी अब हर जगह पर चर्चा हो रही है। इस युवक का नाम सिद्धार्थ सेवार्थ है।
सिद्धार्थ ने अपनी छोटी बहन की शादी में शहर के भिखारियों को ही चीफ गेस्ट के तौर पर निमंत्रण दिया और इनके आने के बाद इन सबका जोरदार स्वागत किया। शादी में उन्हें वही खाना परोसा गया, जो बाकी मेहमानों को दिया जा रहा था और उसी जगह बैठाकर खिलाया गया। कई लोगों के लिए यह पहला मौका था, जब किसी शादी में उन्हें इतनी इज्जत और बराबरी के साथ भोजन मिला।
यही वजह है कि सिद्धार्थ का यह कदम लोगों के दिलों को छू गया और सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। सिद्धार्थ ने वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा: "मैंने अपनी बहन की शादी में जिले के सभी “ भीख मांगने “ वाले लोगों को मुख्य अतिथि बना कर बुलाया। सभी को गाड़ी कर के सम्मान पूर्वक स्वागत किया और विदाई भी की ।असली आशीर्वाद यही है ।"
सोशल मीडिया यूजर्स ने किए मजेदार कमेंट्स
इस वीडियो को सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम पर siddharthgzp नामक अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे देखने के बाद यूजर्स की भी प्रतिक्रियाएं आई हैं। पहले ने लिखा: "मैंने इसे अभी तक कहीं नहीं देखा है, मैं जो कुछ भी कहूंगी वह बहुत मामूली शब्द होंगे, यह एक सराहनीय और प्रशंसनीय कार्य है।", दूसरे ने लिखा: "बहुत-बहुत शुक्रिया आपने इनको समझा ईश्वर आपको हमेशा खुश रखेगा जो दूसरे का भला सोचता है ईश्वर उसका भला सोचता है", तीसरे ने लिखा: "आप एक महान व्यक्ति हैं"। इस वायरल वीडियो को अब तक हजारों लोगों ने देखा है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
