रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल कर चुकी है। फिल्म ने रिलीज के 23 दिनों तक लगातार अच्छी कमाई की है और हर दिन डबल डिजिट में कलेक्शन किया है। दुनियाभर में इस फिल्म की कमाई 1000 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है। एक तरफ इसकी शानदार सफलता को देखते हुए मेकर्स इसके दूसरे पार्ट की तैयारी भी कर रहे हैं, जो जल्द ही आने वाला है। इस फिल्म में अक्षय खन्ना ने गैंगस्टर रहमान डकैत की भूमिका निभाई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में रिपोर्टर जिस व्यक्ति से बात कर रहा है, उसका नाम हबीब जान बलोच बताया जा रहा है।
वीडियो में यह दावा किया गया है कि हबीब जान बलोच का कुख्यात रहमान डकैत से करीबी रिश्ता था और दोनों अच्छे दोस्त माने जाते थे। बातचीत के दौरान रिपोर्टर उनसे पूछता है कि क्या उन्होंने भारत में रहमान डकैत पर बनी फिल्म ‘धुरंधर’ देखी है। इसके जवाब में हबीब जान बलोच बताते हैं कि उन्होंने यह फिल्म दो बार देखी है और उन्हें यह काफी पसंद आई। वह फिल्म की तकनीक, कहानी और पेश करने के तरीके की तारीफ करते हैं। हालांकि, उनका यह भी कहना था कि अगर फिल्म में एक-दो गाने और बेहतर होते, तो देखने का मजा और बढ़ जाता।
जब रिपोर्टर ने फिल्म में दिखाए गए रहमान डकैत के किरदार को लेकर सवाल किया, तो हबीब जान बलोच ने कहा कि फिल्मों में किरदारों को अक्सर अलग अंदाज़ में पेश किया जाता है। इसके बावजूद उन्होंने भारतीय बॉलीवुड की तारीफ करते हुए कहा कि रहमान डकैत पर बनी फिल्म काफी अच्छी है। हबीब जान बलोच ने अपने बयान में रहमान डकैत को एक अच्छा इंसान और हीरो बताया। उनका कहना था कि भले ही फिल्म में उसे निगेटिव रोल में दिखाया गया हो, लेकिन असल जिंदगी में वह वैसा नहीं था।
उनकी बात तब और चौंकाने वाली लगी, जब उन्होंने कहा कि जो सच्चाई पाकिस्तान ठीक से नहीं दिखा सका, उसे इंडिया के बॉलीवुड ने सामने लाकर रख दिया। उनके मुताबिक, फिल्म ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत की जिंदगी के ऐसे पहलुओं को दिखाया गया है, जिन्हें पाकिस्तान में कभी सही तरीके से पेश नहीं किया गया। उनका मानना है कि भारतीय फिल्ममेकर्स ने वह सच्चाई दिखाई, जिसे वहां लंबे समय तक छुपाया जाता रहा। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर the_verifiedsource नामक अकाउंट से शेयर किया गया है। इस वीडियो अभी तक लाखों लोग देख चुके हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
