वायरल न्यूज़

अरे ये क्या...CM योगी की तारीफ में अतीक अहमद ने पढ़ डाले कसीदे, बताया- ईमानदार और बहादुर

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 30, 2022, 02:49 PM IST

Atiq Ahmed: अतीक अहमद को बीती रात गुजरात की साबरमती जेल से लखनऊ लाया गया है। अतीक और उनके भाई अशरफ, बसपा विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में आरोपी हैं। इसी मामले में पेशी के लिए अतीक अहमद को लाया गया है। जहां उन्हें सीबीआई की अदालत में पेश किया गया।

यूपी के बाहुबली नेता और माफिया अतीक अहमद के सुर अब बदलते नजर आ रहे हैं। जो अतीक अहमद अभी तक यूपी के मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ को कोसते रहते थे, अब वो सीएम योगी की तारीफ में कसीदे पढ़ते दिख रहे हैं।

गुजरात के जेल से लखनऊ के सीबीआई कोर्ट पहुंचे माफिया अतीक अहमद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। विधायक राजू पाल हत्याकांड में पेश हुए अतीक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ईमानदार और बहादुर हैं। अतीक अहमद ने कहा- "योगी आदित्यनाथ बहादुर मुख्यमंत्री हैं, ईमानदार हैं और मेहनत कर रहे हैं।"

दरअसल अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ, दोनों बसपा विधायक राजू पाल की हत्या मामले में आरोपी हैं। इसी मामले में पेशी के लिए उन्हें यूपी लेकर आया गया था। अतीक अहमद को गुजरात की साबरमती जेल में रखा गया है, जहां से पेशी के दौरान उन्हें यूपी लाया जाता है।

इसी मामले में गुरुवार को उन्हें सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक अदालत में पेश किया गया था। पुलिस वैन में सवार अतीक से पत्रकारों ने जब सवाल किया तब उन्होंने मुख्यमंत्री योगी की तारीफ करनी शुरू कर दी।

पूर्व सांसद और बाहुबली अतीक अहमद के खिलाफ योगी सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक प्रयागराज पुलिस अतीक अहमद की करीब एक हजार करोड़ की संपत्ति जब्त कर चुकी है। इसके साथ ही राजधानी लखनऊ में विभिन्न स्थानों पर करोड़ों की संपत्ति पर भी कार्रवाई की गई है।अतीक के करीबी दोस्तों और परिवारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

अतीक के दो बेटे उमर और अली भी अलग-अलग आपराधिक मामलों में जेल में हैं, जबकि उनके भाई और पूर्व विधायक खालिद अजीम उर्फ अशरफ को 2021 में गिरफ्तार किया गया था और वह बरेली जेल में बंद है। पांच बार के विधायक और एक बार के सांसद अतीक अहमद के खिलाफ 96 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अहमद को हत्या, अपहरण, अवैध खनन, रंगदारी, धमकी और धोखाधड़ी समेत अन्य मामलों में नामजद किया गया है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article