भारत का केंद्रीय बजट 2026-27 यानी Union Budget 2026 एक खास दिन पर पेश होने जा रहा है। यह बजट 1 फरवरी 2026, रविवार को संसद में पेश किया जाएगा। भारत के इतिहास में यह पहली बार होगा, जब बजट रविवार के दिन पेश किया जाएगा। बजट को सुबह 11 बजे लोकसभा में पेश किया जाएगा। इसे देश की केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण प्रस्तुत करेंगी।
Budget शब्द फ्रेंच भाषा के शब्द Bougette से निकला
यह उनका लगातार नौवां बजट होगा, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। इस बजट पर देशभर की नजरें टिकी होंगी, क्योंकि इससे आने वाले साल की आर्थिक दिशा तय होगी। आज हम जिस शब्द “बजट” का इस्तेमाल पैसे की योजना बनाने के लिए करते हैं, उसका इतिहास काफी दिलचस्प है। बहुत कम लोग जानते हैं कि बजट शब्द कहां से आया और इसका असली मतलब क्या था। दरअसल, Budget शब्द फ्रेंच भाषा के शब्द “Bougette” से निकला है।
Bougette का अर्थ होता है “छोटा चमड़े का थैला”। पुराने समय में यह थैला बहुत काम का माना जाता था, क्योंकि लोग उसमें जरूरी कागजात और पैसे रखते थे। ब्रिटेन में पहले जब सरकार देश का हिसाब-किताब पेश करती थी, तो वित्त मंत्री अपने सारे जरूरी दस्तावेज एक छोटे से चमड़े के बैग में भरकर संसद में लाते थे। उसी थैले को Bougette कहा जाता था। धीरे-धीरे लोगों ने उस बैग के नाम को ही सरकार के खर्च और आमदनी के प्लान से जोड़ दिया। जब मंत्री बैग खोलकर देश का लेखा-जोखा बताते थे, तो कहा जाने लगा कि उन्होंने “बजट खोल दिया”।
जहां पैसे की प्लानिंग, वहां बजट शब्द का इस्तेमाल
समय के साथ Bougette शब्द बदलकर अंग्रेजी में Budget बन गया। फिर इसका मतलब सिर्फ बैग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पैसे के सही इस्तेमाल की योजना बन गया। आज बजट का मतलब होता है, आमदनी और खर्च का हिसाब बनाना, ताकि पैसे को समझदारी से इस्तेमाल किया जा सके। अब बजट सिर्फ सरकार तक ही सीमित नहीं है। हम घर का बजट बनाते हैं, स्कूल का बजट होता है, फिल्म का बजट तय किया जाता है और कंपनियां भी अपना बजट बनाती हैं। यानी हर जगह जहां पैसे की प्लानिंग होती है, वहां बजट शब्द का इस्तेमाल होता है।
हर साल जब भारत सरकार बजट पेश करती है, तो वह भी उसी परंपरा का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत एक छोटे से चमड़े के थैले से हुई थी। आज भले ही मंत्री लैपटॉप लेकर आते हों, लेकिन बजट शब्द का इतिहास हमें पुराने समय से जोड़ता है। इस तरह बजट शब्द सिर्फ एक आर्थिक शब्द नहीं, बल्कि इतिहास और भाषा से जुड़ी एक रोचक कहानी भी है।
