Viral Video: दुनियाभर में भारतीय संस्कृति, खान-पान और यहां के जुगाड़ के चर्चे आम हैं, लेकिन अब भारत का सबसे चहेता वाहन 'ऑटो-रिक्शा' सात समंदर पार ब्रिटेन में भी धूम मचाने के लिए पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर इन दिनों ब्रिटेन के एक जोड़े और उनके खास भारतीय ऑटो 'टिमी' की प्रेम कहानी ने तहलका मचा रखा है। आलम ये है कि इस वीडियो को देखने के बाद लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ रही है और यूजर्स जमकर तारीफ भी कर रहे हैं।
वायरल हो रहे वीडियो में आप देख सकते हैं ब्रिटेन से आए इस जोड़े ने भारत की सड़कों पर रोमांचक सफर का आनंद लेने के लिए एक लाल रंग का ऑटो-रिक्शा खरीदा था। उन्होंने इस प्यारे से ऑटो का नाम 'टिमी द टिन कैन' रखा। इस जोड़े ने टिमी के साथ भारत के अलग-अलग शहरों और इलाकों की धूल फांकते हुए कुल 4,218 किलोमीटर की लंबी और यादगार दूरी तय की। भारत की व्यस्त सड़कों, गाय-बैलों के झुंड और ट्रैफिक के बीच टिमी ने उनका हर कदम पर साथ निभाया। भारत यात्रा खत्म होने के बाद जब इस जोड़े के वतन वापसी का वक्त आया, तो उनके लिए अपने चहेते 'टिमी' से अलग होना बेहद मुश्किल हो गया। वीडियो में दिखाया गया है कि वे भारत में एक-दूसरे से विदा लेते वक्त कितने भावुक हो गए थे। इस जुदाई को बर्दाश्त न करते हुए, उन्होंने एक बड़ा फैसला लिया और लगभग 6 महीने के लंबे इंतजार के बाद उस ऑटो को पानी के जहाज के जरिए सीधे लंदन गेटवे पोर्ट पर मंगवा लिया। वायरल वीडियो का सबसे खूबसूरत हिस्सा वह है जब जोड़ा लंदन के पोर्ट पर लकड़ी के बक्से और नीले कवर को फाड़कर अपने 'टिमी' से मिलता है। लाल रंग के उस मुस्कुराते हुए ऑटो को देखते ही जोड़े की खुशी का ठिकाना नहीं रहता। देखें वीडियो...
भारत का ऑटो पहुंचा ब्रिटेन
वीडियो में आप देख सकते हैं वे दौड़कर टिमी से लिपट जाते हैं और दोबारा गले मिलते हैं। हालांकि, कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब वीडियो के अंत में यह सवाल उठता है कि क्या वे इसे अपने घर ले जा पाए, क्योंकि ब्रिटेन के नियमों और ट्रांसपोर्टेशन के चलते इसे घर ले जाने में कुछ तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। बावजूद इसके, इस अनोखे प्रेम और देसी ऑटो के विदेशी सफर का यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर जमकर प्यार बरसा रहे हैं। इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को timmy_the_tin_can नाम के पेज से शेयर किया गया है। इस वीडियो को कई लाख लोग अब तक देख चुके हैं। जबकि, साढ़े तीन लाख से ज्यादा लोगों ने वीडियो को पसंद किए हैं।
