Viral Video: ब्रिटेन की एक ट्रैवल ब्लॉगर इन दिनों अपनी भारत यात्रा पर हैं। यहां पर उन्होंने मुंबई से गोवा तक की यात्रा की और उसका अनुभव इंस्टाग्राम पर शेयर किया। उनके रिएक्शन का ये वीडियो अब काफी वायरल हो रहा है। @burnessietravels नामक अकाउंट को संचालित करने वाली चार्ली ने सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत में अपनी 8 घंटे की यात्रा का पूरा विवरण दिया। उन्होंने वंदे भारत ट्रेन को भारत के सर्वश्रेष्ठ रेल विकल्पों में से एक बताया। अपनी पोस्ट में उन्होंने ट्रेन की स्वच्छता, आराम और ऑनबोर्ड सेवाओं के बारे में यूजर्स को बताया। इससे कई नेटिज़न्स हैरत में पड़ गए।
उन्होंने कहा कि, 'वंदे भारत एक्सप्रेस से मुंबई से गोवा; भारत के सर्वोत्तम रेल विकल्पों में से एक! मैंने मडगांव तक की 8 घंटे की इस यात्रा के लिए प्रथम श्रेणी का टिकट खरीदा, जिसकी कीमत भारतीय मानकों के हिसाब से 31.57 पाउंड अधिक थी, लेकिन यह मेरे द्वारा ली गई अन्य ट्रेनों से बिल्कुल अलग अनुभव था!' बता दें कि, चार्ली टिकट के साथ मिलने वाली सुविधाओं से काफी प्रभावित और संतुष्ट नजर आ रही थीं। वे बोलीं कि, 'नाश्ता, कॉफी, समाचार पत्र और एक गुलाब शामिल था... और यह निश्चित रूप से ट्रेन में अब तक की सबसे ज़्यादा जगह है। सीटें घुमाई जा सकती हैं या समूह में बैठने के लिए लॉक की जा सकती हैं। मानसून के मौसम में नज़ारे सबसे अच्छे होते हैं, लेकिन ट्रेन में 2 या 3 घंटे ज़्यादा लगते हैं।'
वीडियो की शुरुआत में उन्होंने बताया कि, उनको यात्रा के लिए लोकप्रिय विस्टाडोम ट्रेन में सीट बुक करने की उम्मीद थी, लेकिन चार्ली ने बताया कि उन्हें पहले से ही कोशिश करने के बावजूद टिकट नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा, 'यह ट्रेन एक बेहतरीन सांत्वना पुरस्कार थी!' पोस्ट किए जाने के बाद से, उनके वीडियो को 714,000 बार देखा गया और यूजर्स के बीच चर्चा शुरू हो गई, जिन्होंने भारतीय रेलवे की नई सेवाओं की प्रशंसा की और वंदे भारत रूट पर अपने अनुभव साझा किए। एक यूजर ने लिखा, 'हे भगवान, सीटों को खिड़की की तरफ मोड़ पाना एक बहुत बढ़िया अनुभव है।' एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, 'धन्यवाद और मैं वास्तव में यही कहना चाहता हूं। भारत को स्टीरियोटाइप में फिट करने की कोशिश न करने और भारत का अच्छा पक्ष दिखाने के लिए धन्यवाद।' तीसरे यूजर ने लिखा, 'विदेशी देशों के लोगों को भारत का अच्छा पक्ष दिखाते हुए देखकर खुशी हुई।'
