वायरल न्यूज़

भालू के पीछे पड़ा बाघ, शिकारी जानवर को चकमा देकर ऐसे बचाई अपनी जान

जंगली जानवरों का वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होता रहता है। हाल में जंगली दुनिया का ही एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर छाया है, जहां एक बाघ से बचने के लिए भालू ने ऐसा तरीका आजमाया कि बाघ उसे बेबस होकर देखता रह गया।

Image

बाघ से जान बचाकर भागा भालू (X/@AmazingSights)

जंगलों की क्रूर दुनिया हमेशा रहस्यों और रोमांच से भरी होती है। यहां पर हर पल जीवन-मरण का खेल चलता रहता है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें जीवन-मरण का खेल देखने को मिला, लेकिन इस खेल में भालू ने चकमा देकर एक बाघ को हरा दिया। 57 सेकेंड के इस छोटे से क्लिप में एक भालू और एक खूंखार बाघ के बीच टकराव दिखाया गया है। वीडियो को देख लोग बेहद ही हैरान हैं।

जंगल की दुनिया का दुर्लभ और रोमांचक पल कैमरे में हुआ कैद

वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक शांत जंगल में एक भालू अकेला घूम रहा होता है। तभी अचानक से झाड़ियों के पीछे से एक विशालकाय बाघ प्रकट हो जाता है। बाघ अपनी चमकती आंखों से भालू को घूर रहा होता है। वह अपने तेज पंजों को दबाए धीरे-धीरे भालू के करीब आने लगता है। वीडियो को देख ऐसा लग रहा है जैसे मानो वह शिकार को घेरने की तैयारी कर रहा हो। आमतौर पर ऐसी स्थिति में किसी भी प्राणी के प्राण सूख जाएंगे और वह मौत के सामने घुटने टेक देगा। लेकिन यह भालू कुछ अलग ही था। भालू ने घबराने के बजाय धैर्य और रणनीति का सहारा लिया।

बाघ को भालू ने दिया चकमा

सबसे पहले तो भालू ने बाघ के सामने खुद को आक्रामक दिखाया। वह गरजा, अपने पंजे फैलाए और बाघ को चुनौती दी; उसे देख ऐसा लग रहा था जैसे वह कह रहा हो कि मैं आसानी से हार मानने वाला नहीं। लेकिन साथ ही, वह धीरे-धीरे पीछे की ओर हटता रहा, बिना एक पल के लिए बाघ की नजर से अपनी आंखें हटाए। उसकी इसी चालाकी ने उसकी जान बचाई। भालू इस बात से अच्छी तरह वाकिफ था कि बाघ जैसे ताकतवर जानवर से सीधे मुकाबले में तो वह कभी नहीं जीत सकता। ऐसे में वह बाघ से दूरी बनाते हुए उसे उलझाए रखा और जैसे ही उसे मौका मिला, उसने अपनी पूरी ताकत लगाकर तेजी से दौड़ लगा दी। फिर वह जंगल की घनी झाड़ियों में गायब हो गया। बाघ भालू को बस भागते हुए देखता रह गया। शायद बाघ यह सोच रहा होगा कि मेरे पंजों से यह शिकार इतनी आसानी से क्यों फिसल गया।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस वायरल वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @AmazingSights नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। इस अकाउंट पर आपको ऐसे तमाम वीडियो देखने को मिल जाएंगे, जो जानवरों के दुर्लभ और रोमांचक पलों को दिखाते हैं। इस वीडियो को खबर लिखे जाने तक 25 हजार से ज्यादा व्यूज और 400 लाइक्स मिल चुके हैं। साथ ही इस वीडियो पर तमाम कमेंट्स भी सामने आए हैं।

यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

वायरल वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "टाइगर तीन सौ किलो से ज्यादा वजन के होते हैं, कोई भी इनके भिड़ने की हिम्मत नहीं कर सकता।" वहीं दूसरे ने मजाकिया अंदाज में कहा, "शायद बाघ भूखा नहीं था, या फिर भालू को डिनर के लिए रख लिया।" कई लोगों ने इसे "प्रकृति का सबसे स्मार्ट सर्वाइवल टिप" बताया।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article