Viral Video: गुरुग्राम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि एक स्कॉर्पियो चालक ने पेट्रोल पंप पर करीब 6,000 रुपये का डीजल भरवाया, लेकिन वह बिना पेमेंट किए ही वहां से फरार हो गया। स्कॉर्पियो चालक की यह करतूत पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
6000 का डीजल भरते ही फर्राटे भरकर भाग गया स्कॉर्पियो चालक
बताया जा रहा है कि यह घटना गुरुग्राम के बिलासपुर-पटौदी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप की है। वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि एक स्कॉर्पियो पेट्रोल पंप पर आती है। चालक आराम से गाड़ी में डीजल भरवाता है। पेट्रोल पंप कर्मचारी भी तरीके से अपना काम करता है और टैंक फुल होने के बाद पेमेंट का इंतजार करने लगता है, लेकिन तभी अचानक स्कॉर्पियो चालक तेजी से गाड़ी लेकर वहां से भाग जाता है। पेट्रोल पंप के कर्मचारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही गाड़ी सड़क पर फर्राटे भर चुकी थी। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में लगभग 6,000 रुपये का डीजल भरा गया था।
स्कॉर्पियो चालक की हरकत सोशल मीडिया पर वायरल
यह पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि अगर किसी के पास लाखों रुपये की गाड़ी है, तो उसे कुछ हजार रुपये के लिए इस तरह की हरकत नहीं करनी चाहिए। वहीं कुछ लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, वायरल वीडियो के साथ किए जा रहे दावों की पूरी तरह पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय पुलिस और संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
