बच्चे मन के सच्चे! ये बात तो जरूर ही आपने सुनी होगी। बच्चों को देख हर किसी का मन पिघल जाता है। उन्हें और उनकी नटखट हरकतों को देख किसी पत्थर दिल इंसान का भी दिल पिघल जाएगा। कभी उनकी शरारतें लोगों को हंसने का मौका देती हैं तो कभी उनका मासूम अंदाज लोगों को प्यार से भर देता है। ऐसे ही एक नटखट बच्चे का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि जब एक नन्हे बच्चे को स्कूल जाते वक्त भूख लगी तो वह रास्ते में ही रुक गया और सड़क किनारे बैठकर अपने लंच बॉक्स को खोलकर नूडल्स खाने लगा। बच्चा स्कूल जाने की फिक्र छोड़ बड़े ही इतमिनान से अपने लंच बॉक्स को निपटाते हुए दिखा। बच्चे की इस हरकत ने सोशल मीडिया यूजर्स के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी।
बच्चा रास्ते में ही चट कर गया नूडल्स
वीडियो को देखने से मामले का अंदाजा कुछ ऐसे लगाया जा सकता है कि एक छोटा बच्चा, बैग टांगे जब स्कूल की ओर निकला तो उसे मम्मी के हाथों से बनाए हुए मैगी की याद आने लगी और उसके मुंह में पानी आने लगा। स्कूल जाते हुए रास्ते में बच्चे का मन स्कूल की घंटियों से ज्यादा अपने लंच बॉक्स पर अटक गया। ऐसे में वह खुद को ज्यादा देर तक रोक नहीं पाया और मौका मिलते ही उसने रास्ते में ही सड़क किनारे अपने बैग से लंच बॉक्स निकाला और वहीं अपना डेरा जमा लिया। बच्चा तुरंत अपने टिफिन को खोला और उसमें रखे नूडल्स को बड़े ही चाव से खाने लगा।
पहले पेट पूजा, फिर कोई काम दूजा
टिफिन में रखे नूडल्स को खाते हुए उसकी आंखें चमकने लगीं। नन्हा शैतान पहले तो आराम से नूडल्स खाया, फिर स्कूल की ओर जाने के बारे में सोचा। बच्चे को रास्ते में बैठकर नूडल्स खाते देख आसपास के लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए और उसके पास जाकर ठहाके मारने लगे। बच्चे की इस मासूम शरारत ने उन सबका दिल जीत लिया।
वीडियो ने जीता लोगों का दिल
इस मासूम से बच्चे का यह वीडियो फिलहाल सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को साइट एक्स पर @MOHDIMR1994 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया। वीडियो के पोस्ट होते ही यह क्लिप आग की तरह सोशल मीडिया पर फैल गई। इस वीडियो को अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों ने इसे लाइक किया है। साथ ही बड़ी संख्या में लोगों ने इस पर मजेदार कमेंट्स भी किए हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "पहले पेट की पूजा, फिर स्कूल की दूजा!" दूसरे ने लिखा, "लगता है स्कूल में कोई इसका टिफिन छीन लेता होगा, तभी इसने अपना लंच बॉक्स रास्ते में ही खा लिया।" तीसरे ने मजाकिया अंदाज में लिखा, "बेचारा, लंच ब्रेक तक सब्र नहीं कर पाया।"
