वायरल न्यूज़

Viral Video: सड़क किनारे मिली बारिश में भीगी डायरी, हर पन्ने में छिपी थी यादों और प्यार की कहानी

बारिश में सड़क किनारे मिली एक भीगी हुई डायरी का वीडियो सोशल मीडिया पर इस वक्त तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने के बाद लोग इस डायरी को उसके असली मालिक तक पहुंचाने की बात कर रहे हैं।

Image

यादों से सजाई गई डायरी का वीडियो हुआ वायरल (Instagram/@hustleradiii7001)

जिनसे लोग प्यार करते हैं, उनकी हर एक चीज उन्हें बहुत अच्छी लगती है। उनका प्यार उनके लिए बहुत खास होता है। इस प्यार की यादों को लोग हमेशा संजोकर रखते हैं। हाल में ऐसी ही एक प्यार और यादों से भरी दास्तां एक डायरी के पन्नों में देखने को मिली। जो सड़क किनारे पड़ी बारिश में भीगी हुई मिली। इस डायरी का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

बारिश में मिली भीगी डायरी

वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि कुछ दोस्तों को सड़क किनारे बारिश में भीगी हुई एक डायरी मिलती है। शुरुआत में उन्हें यह एक साधारण नोटबुक लगती है, लेकिन जैसे ही वे उसके पन्ने पलटते हैं, उनके सामने किसी के प्यार भरी भावनाओं की एक खूबसूरत दुनिया खुल जाती है। इस वायरल वीडियो को इंस्टाग्राम पर आदित्य नाम के यूजर ने @hustleradiii7001 नाम के अकाउंट से शेयर किया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

भीगी हुई डायरी के अंदर मिला ऐसा खजाना

वीडियो (Video) में आप देख सकते हैं कि एक शख्स अपने दोस्तों के साथ बाहर घूमने निकला था, तभी उसकी नजर सड़क किनारे पड़ी एक भीगी हुई डायरी पर गई। उन्होंने उसे उठाया और उसे खोलकर देखा। बारिश के कारण डायरी के कई पन्ने भीग चुके थे, लेकिन उसके अंदर लिखी यादें अब भी साफ दिखाई दे रही थीं। वीडियो में देखा जा सकता है कि डायरी का हर एक पन्ना बेहद प्यार से सजाया गया था। कहीं हाथ से लिखे खूबसूरत कोट्स थे, तो कहीं रोमांटिक गानों के बोल। कुछ पन्नों पर रंग-बिरंगे डिजाइन बने थे, जबकि कुछ जगह छोटी-छोटी चॉकलेट के रैपर भी चिपकाए गए थे। यह देखकर साफ पता चलता था कि इसे बनाने वाले ने इसमें अपना काफी समय, मेहनत और अपनी सारी भावनाओं को इसमें खपा दिया था।

वीडियो देख लोग बोले- इसे असली मालिक तक पहुंचाओ

वीडियो (Video) बनाने वाले का मानना था कि यह डायरी शायद किसी युवती की होगी, जिसने अपनी जिंदगी के खास पलों को इसमें संजोकर रखा था। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें, ताकि यह डायरी किसी तरह अपने असली मालिक तक पहुंच सके। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने कहा कि शायद यह डायरी गलती से कहीं गिर गई होगी। वहीं कुछ का मानना था कि किसी टूटे रिश्ते के बाद इसे फेंक दिया गया होगा। कई यूजर्स ने लिखा कि डिजिटल दौर में भी हाथ से लिखी ऐसी यादों की कीमत सबसे ज्यादा होती है और इन्हें कभी बदला नहीं जा सकता।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article