सोशल मीडिया (Social Media) पर आए दिन ऐसे वीडियो वायरल होते रहते हैं, जिन्हें देखकर कुछ पल के लिए हम भी सोच में पड़ जाते हैं। इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स के साथ कुछ ऐसा होता है, जिसे देखकर किसी की भी धड़कन बढ़ सकती है। यह वीडियो खास तौर पर उन लोगों के लिए एक चेतावनी जैसा है, जो चलते समय मोबाइल फोन में व्यस्त रहते हैं। वायरल वीडियो (Viral Video) को @gharkekalesh नाम के एक्स हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो के साथ लिखा गया है कि एक आदमी ऊपर की मंजिल से गिर गया। साथ ही लोगों को सावधानी से चलने और नीचे देखने की सलाह दी गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
फोन ने भटकाया ध्यान, खुली जगह में जा गिरा शख्स
वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि एक शख्स सीढ़ियों से ऊपर की ओर जा रहा है। उसके हाथ में मोबाइल फोन नजर आ रहा है। सीढ़ियां चढ़ते हुए एक पल के लिए उसका ध्यान मोबाइल की तरफ चला जाता है। इसके बाद जैसे ही वह आगे बढ़ता है, उसके कदम छत पर बनी एक खुली जगह की तरफ चले जाते हैं। अगले ही पल वह उस खुले हिस्से में जा गिरता है। घटना इतनी अचानक होती है कि वीडियो देखने वाला भी कुछ सेकंड के लिए हैरान रह जाता है। ऐसा लगता है कि मोबाइल पर ध्यान जाने की वजह से शख्स को सामने मौजूद खतरनाक जगह दिखाई नहीं दी। हालांकि, इस वीडियो में यह जानकारी नहीं दी गई है कि हादसे के बाद उस शख्स की हालत कैसी थी या उसके साथ आगे क्या हुआ इसलिए उसके बारे में किसी तरह का दावा करना सही नहीं होगा। वीडियो को शेयर करने का मकसद लोगों को सावधान करना ही नजर आता है।
चलते हुए फोन चलाने की ऐसी कीमत? शख्स के साथ हुआ खतरनाक हादसा
इस वीडियो (Video) के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि छत पर मौजूद इस तरह की खुली जगह को जाली या किसी मजबूत कवर से ढकना चाहिए था। वहीं, कुछ यूजर्स ने चलते समय मोबाइल इस्तेमाल करने की आदत को हादसे की बड़ी वजह बताया। कुछ लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि ऐसी जगहों पर खुले हिस्सों को सुरक्षित तरीके से ढकना बेहद जरूरी है, ताकि किसी की नजर चूकने पर भी बड़ा हादसा न हो। फिर भी एहतियात के तौर पर लोगों को सीढ़ियों, छतों, सड़क या निर्माणाधीन जगहों पर चलते समय मोबाइल से दूरी बनाकर रहना चाहिए। कई बार सिर्फ एक सेकंड का ध्यान भटकना भी भारी पड़ सकता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
