म्यांमार से एक ऐसी खबर आ रही है, जिसे जानकर आप भी चौंक जाएंगे। 3500 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे एक विमान को जमीन से गोली चलाकर निशाना बनाया गया है। इस हमले में गोली विमान को भेदती हुई एक पैसेंजर को जा लगी।
विमान म्यांमार नेशनल एयरलाइंस का था। हवा में गोली लगने से एक यात्री घायल हो गया। गोली विमान के बीच के इंजन के पास लगी थी। ब्रिटिश समाचार एजेंसी द सन के अनुसार, विमान 3,500 फीट की ऊंचाई पर और हवाई अड्डे के उत्तर से लगभग चार मील की दूरी पर उड़ रहा था। घटना के बाद, लोइकाव में म्यांमार नेशनल एयरलाइंस के कार्यालय ने घोषणा की कि शहर के लिए सभी उड़ानें अनिश्चित काल के लिए रद्द कर दी गई हैं।
म्यांमार की सैन्य सरकार ने काया राज्य में विद्रोही बलों पर विमान पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है। हालांकि, विद्रोही समूहों ने इस आरोप से इनकार किया है। म्यांमार की सत्तारूढ़ सैन्य परिषद के एक प्रवक्ता, मेजर जनरल ज़ॉ मिन टुन ने सरकारी टेलीविजन एमआरटीवी को बताया कि गोली एक विद्रोही गुट द्वारा चलाई गई थी।
म्यांमार के काया में सेना और स्थानीय विद्रोही समूहों के बीच तीव्र लड़ाई जारी है। म्यांमार में सेना ने 2021 में आंग सान सू की की लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को उखाड़ फेंका था और सत्ता पर कब्जा कर लिया था। जिसके बाद से विद्रोही गुटों के साथ वहां लड़ाई जारी है। जिसमें सैकडों आम नागरिक भी मारे जा चुके हैं। साथ ही सेना को भी नुकसान हुआ है।
