बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी (Rani Mukerji) इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में मां कृष्णा मुखर्जी को खोने के बाद रानी और उनका परिवार दुख से गुजर रहा है। इस बीच गुरुवार को एक्ट्रेस उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। रानी की इस धार्मिक यात्रा के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Tanushree Dutta का करियर रहा सुपरफ्लॉप, बॉक्स ऑफिस पर एक के बाद एक फिल्में ढेर)
बद्रीनाथ धाम पहुंचीं रानी मुखर्जी
बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी सबसे पहले बद्रीनाथ धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह मंदिर परिसर में मौजूद मां लक्ष्मी के मंदिर में भी गईं। उन्होंने वहां पूजा की और प्रसाद लिया। इस दौरान रानी का अंदाज बेहद सादा था। उन्होंने हल्के रंग का कुर्ता-सलवार पहना था। ठंड से बचने के लिए पीला दुपट्टा और जैकेट भी पहनी हुई थी। उनके गले में फूलों की कई मालाएं नजर आईं। पूजा के समय वह पूरी श्रद्धा के साथ हाथ जोड़कर प्रार्थना करती दिखीं। रानी को मंदिर में देखकर कई श्रद्धालु उनके आसपास इकट्ठा हो गए। लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। कुछ वीडियो में एक्ट्रेस पूजा की सामग्री लेकर मंदिर परिसर में जाती दिखाई दीं। इससे पहले उनके केदारनाथ मंदिर पहुंचने के वीडियो भी सामने आए थे, जिनमें वह मंदिर की ओर जाती और बाहर तस्वीरें खिंचवाती नजर आईं।
बताते चलें कि रानी मुखर्जी की यह यात्रा ऐसे समय में हुई है, जब उनका परिवार हाल ही में एक बड़े दुख से गुजरा है। उनकी मां कृष्णा मुखर्जी का 22 सितंबर 2026 को 75 साल की उम्र में निधन हो गया था। यशराज फिल्म्स ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन की जानकारी दी थी और परिवार की ओर से निजता बनाए रखने की अपील की थी। कृष्णा मुखर्जी अपनी बेटी रानी के काफी करीब थीं और कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनके साथ नजर आती थीं। उनका बंगाली सिनेमा से भी जुड़ाव था। उन्होंने पार्श्व गायिका के रूप में काम किया था। रानी को आखिरी बार ‘मर्दानी 3’ में देखा गया था।
