अक्सर भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक जगहों का फायदा चोर उठाते हैं और मौका मिलते ही वे अपना हाथ साफ कर लेते हैं। उन्हें बस तलाश होती है एक मौके की, जहां वे तुरंत बिना किसी को पता चले ही सामने वाले की जेब काट लेते हैं या फिर उनका कोई सामान चोरी कर लेते हैं, जैसे फोन, पर्स, हैंडबैग, गहने इत्यादि। हाल में एक ऐसे ही तेज-तर्रार चोर का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वह लोकल ट्रेन में सफर कर रही एक लड़की की जेब से उसका मोबाइल फोन चुरा लेता है। गनीमत रही कि चोरी करते हुए उस चोर पर एक अन्य यात्री की नजर पड़ गई और उसने चोर का भंडाफोड़ कर दिया।
चोर ने लड़की की जेब से ऐसे उड़ाया फोन
वायरल हो रहे वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक लड़की लोकल ट्रेन के दरवाजे पर खड़ी होकर सफर के मजे ले रही है। तभी एक चोर उसके पीछे आकर खड़ा हो जाता है। लड़की अपनी धुन में रहती है, तभी वह चोर धीरे से उसकी जेब से उसका मोबाइल निकालकर अपनी जेब में रख लेता है और खुद ट्रेन के दरवाजे पर सफर करने लगता है। जब लड़की को इस बात का एहसास होता है कि उसके पास उसका फोन नहीं है तो वह परेशान होकर अपनी जेब टटोलने लगती है लेकिन उसे अपना फोन कहीं नहीं मिलता।
पकड़ा गया चोर
खैर, लड़की की किस्मत अच्छी थी, जो उसके फोन को चुराते वक्त चोर पर एक अंकल जी की नजर पड़ गई थी। बस फिर क्या था, अंकल जी ने तुरंत ही चोर का भंडाफोड़ कर दिया। पहले तो चोर चोरी से इनकार करता रहा, लेकिन जैसे ही लोगों की भीड़ जमा होने लगी, तो चोर ने तुरंत लड़की का मोबाइल अपनी जेब से निकालकर लड़की को सौंप दिया। चोरी की यह घटना ट्रेन में लगे CCTV में कैद हो गई। जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
कहां की है यह घटना
इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @danewaliaswaran नाम के यूजर ने शेयर किया है। जिसे अब तक 16 लाख लोगों ने देखा और 2400 लोगों ने लाइक किया है। वीडियो के कैप्शन में यूजर ने बताया है कि यह घटना कोलकाता के लोकल ट्रेन की है। वीडियो के सामने आने के बाद लोग इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
