वायरल न्यूज़

क्रिसमस पर विदेशी महिला ने डिलीवरी एजेंट का दिन बना दिया यादगार, टिप के तौर पर दिए 12 हजार रुपए

त्योहारों की असली खुशी बिना किसी स्वार्थ के लोगों की मदद करना और दूसरों को खुशियां देना ही होता है। कुछ ऐसा ही एक इटैलियन महिला ने डिलीवरी एजेंट के साथ किया, जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और लोग उस महिला की तारीफ करते हुए थक नहीं रहे।

Image

क्रिसमस पर महिला ने डिलीवरी एजेंट को दिए टिप के तौर पर 12000 रुपए (Instagram/@fabrizia_dxb)

त्योहारों में दूसरों के साथ खुशियां बांटना ही असली खुशी है। अगर आपने त्योहार के दिन किसी मायूस चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी तो समझिए कि वह त्योहार आपके लिए सफल हो गया। कई लोग ऐसा करते भी हैं। त्योहार पर दूसरों के साथ खुशियां बांटने वाली ऐसी ही एक महिला का वीडियो इन दिनों जमकर वायरल हो रहा है, जिसने क्रिसमस के दिन एक डिलीवरी एजेंट का दिन खुशियों से भर दिया। महिला के इस वीडियो ने लाखों सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत लिया।

महिला ने बना दिया डिलीवरी एजेंट का दिन

वीडियो में दिख रही महिला इटैलियन है और फिलहाल वह दुबई में रहती है। महिला का नाम फैब्रिजियो फ्रांसेशेटी है। वीडियो में दिख रहा है कि महिला के दरवाजे पर एक डिलीवरी एजेंट उसका कुछ सामान लेकर खड़ा है। वह महिला उस डिलीवरी एजेंट से बहुत ही प्यार और अपनापन दिखाते हुए बात कर रही है। महिला सबसे पहले मुस्कुराते हुए पूछती है, 'हैलो, आप कैसे हैं?' इस पर डिलीवरी बॉय बोलता है कि वह ठीक है। फिर महिला उससे पूछती है कि क्या वह क्रिसमस मना रहा है? इसके जवाब में डिलीवरी एजेंट महिला को बताता है कि वह क्रिसमस नहीं मना रहा। ऐसे में वह महिला उस डिलीवरी एजेंट को एक खूबसूरत सरप्राइज देती है।

महिला ने टिप के तौर पर दिए 12 हजार रुपए

वीडियो में आप आगे देख सकते हैं कि महिला अपना बटुआ खोलती है और उसमें से 500 एईडी (लगभग 12,000 रुपये) निकालकर कर उस डिलीवरी एजेंट को क्रिसमस गिफ्ट के तौर पर दे देती है। महिला का इतना बड़ा दिल देखकर एजेंट हैरान रह जाता है और मुस्कुराते हुए महिला को पूरे दिल से धन्यवाद करता है। इतना ही नहीं, वह इटैलियन महिला एजेंट के जाते समय उससे पूछती है कि क्या वह चॉकलेट खाना पसंद करेगा। इतना पूछकर वह उसे चॉकलेट और पानी की बोतल भी दे देती है। महिला की यह रहमदिली उस डिलीवरी एजेंट के क्रिसमस को यादगार बना देती है।

सोशल मीडिया पर हुई महिला की जमकर तारीफ

इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर उस इटैलियन महिला ने खुद अपने अकाउंट @fabrizia_dxb से शेयर किया है। महिला ने वीडियो के कैप्शन में लिखा है, 'हमारे डिलीवरी एजेंट को क्रिसमस का तोहफा।' वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया। अब तक इस वीडियो को लाखों लोगों ने देखा और हजारों ने इसे लाइक किया है। वीडियो को देखने के बाद लोग भावुक हो गए। कई लोगों ने वीडियो पर कमेंट कर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया भी दी और महिला के इस नेकदिली की जमकर तारीफ की।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article