शहर

Jaipur Accident: खाटूश्याम से लौट रहे दोस्तों की कार का फटा टायर, खाई में पलटी गाड़ी, आगरा के 4 युवकों की मौत

Jaipur Accident: जयपुर के रायसर में नेशनल हाईवे-148 पर कार का टायर फटने से खाटूश्यामजी से लौट रहे आगरा के 4 दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हैं।

Image

टायर फटने ने खाई में गिरी गाड़ी

Photo : Times Now Digital

Jaipur Accident: राजस्थान से एक बार फिर तेज रफ्तार और हादसे की खबर आई है। जयपुर जिले के जमवारामगढ़ उपखंड अंतर्गत रायसर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-148 (दौसा-मनोहरपुर) पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्याम मंदिर से दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे दोस्तों की कार का टायर फटने से गाड़ी बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार चार दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सुबह 6 बजे हुआ हादसा

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रायसर थाना इलाके के एनएच-148 पर हुआ। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के रहने वाले छह दोस्त खाटूश्याम मंदिर में बाबा श्याम के दर्शन-पूजन करने के बाद कार से आगरा वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार रायसर के पास हाईवे पर पहुंची, तभी अचानक गाड़ी का तेज रफ्तार में टायर फट गया। चालक के नियंत्रण खोते ही कार कई बार पलटते हुए खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।

मृतकों व घायलों की हुई पहचान

दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चार युवकों की मौके पर ही सांसें थम गईं। हादसे में अपनी जान गंवाने वाले चारों युवक उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी थे, जिनकी पहचान अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा के रूप में हुई है। वहीं दुर्घटना में राहुल और अर्पित गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए शव

घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। हादसे की सूचना मिलते ही रायसर थाना अधिकारी (SHO) राजपाल सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार के मलबे को काटकर मृतकों के शवों और घायल युवकों को बाहर निकाला। दोनों गंभीर घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए पास के निम्स (NIMS) हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article