वायरल न्यूज़

पति के साथ दूसरी महिला को देखा तो कार के बोनट पर चढ़ गई पत्नी, पति ने दौड़ा दी गाड़ी, VIDEO वायरल

मेरठ में पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी ने विरोध किया और कार के बोनट पर लटक गई। आरोप है कि पति ने कार दौड़ा दी। VIDEO वायरल होने के बाद पति और प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया।

Image

कार के बोनट पर लटकी रही पत्नी (Times Now Navbahrat)

मेरठ से एक ऐसा वीडियो (Video) सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान कर दिया है। यहां एक महिला अपने पति को दूसरी महिला के साथ कार में देखकर उसका विरोध करने पहुंची। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि महिला कार के बोनट पर चढ़ गई। आरोप है कि इसके बाद पति ने कार दौड़ा दी और महिला कई किलोमीटर तक बोनट पर लटकी रही। घटना मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया (Video) पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति और उसके साथ मौजूद कथित प्रेमिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कार को भी सीज कर दिया है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

पति को दूसरी महिला के साथ देखकर हुआ विवाद

मामला काजीपुर निवासी सुनीता और उसके पति मयंक से जुड़ा है। मिली जानकारी के मुताबिक, सुनीता को पता चला था कि उसका पति किसी दूसरी महिला के साथ कार में है। इसके बाद वह हापुड़ रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पहुंची। महिला ने कार को रोककर पति के साथ मौजूद दूसरी महिला का विरोध किया। आरोप है कि वह महिला को कार से उतारने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।

कार के बोनट पर लटक गई पत्नी

आरोप है कि कहासुनी के बाद मयंक ने कार आगे बढ़ा दी। इसी दौरान सुनीता कार के बोनट पर लटक गई। वीडियो में महिला को कार के आगे बोनट पर पकड़े हुए देखा जा सकता है, जबकि कार सड़क पर चलती नजर आती है। महिला का आरोप है कि कार कई किलोमीटर तक चलती रही। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे नीचे गिराने के लिए कार को कथित तौर पर डिवाइडर से टकराने की कोशिश की गई। महिला के मुताबिक, वह किसी तरह खुद को बचाए रखने में कामयाब रही। आगे जाकर आसपास मौजूद लोगों ने कार को रुकवाया और महिला को बोनट से नीचे उतारा। आरोप है कि इसके बाद भी उसके साथ मारपीट की गई।

थाने पहुंचा मामला, पति और कथित प्रेमिका गिरफ्तार

घटना के बाद सुनीता थाने पहुंची और अपने पति मयंक तथा उसके साथ मौजूद महिला माही के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने जान से मारने की नीयत से उस पर कार चढ़ाने की कोशिश की। मेरठ के सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के मुताबिक, 3 अक्टूबर को लोहिया नगर थाने में यह मामला सामने आया था। पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने पति को माही के साथ देखा था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान पति ने पत्नी पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मयंक और माही को गिरफ्तार कर लिया है। कार को भी सीज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

VIDEO देखकर लोग रह गए हैरान

सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल वीडियो (Viral Video) ने लोगों का ध्यान खींच लिया है। वीडियो में महिला को कार के बोनट पर लटके हुए देखा जा सकता है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर विवाद इस हद तक कैसे पहुंच गया कि महिला की जान खतरे में पड़ गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वीडियो में दिखाई दे रही घटना और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article