वायरल न्यूज़

8 साल तक गले में फंसी रही 12 cm चॉपस्टिक, शख्स इलाज कराने नहीं गया डॉक्टर के पास, और फिर जो हुआ

Chopstick stuck in throat: चीन में एक व्यक्ति 8 साल तक अपने गले में फंसी 12 सेमी लंबी चॉपस्टिक के साथ जीता रहा। डर की वजह से उसने पहले सर्जरी नहीं करवाई, लेकिन दर्द बढ़ने पर आखिरकार ऑपरेशन कराया गया। यह घटना सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान कर रही है।

Image

8 साल तक गले में फंसी रही मेटल चॉपस्टिक (Photo: iStock)

Man Swallowed Chopstick: चीन से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने (bizarre news) आई है, जिसने लोगों को चौंका दिया है। यहां एक व्यक्ति करीब 8 साल तक अपने गले में फंसी चॉपस्टिक के साथ जीता रहा। आखिरकार हाल ही में उसने सर्जरी करवाई और इस अजीब स्थिति से छुटकारा पाया। यह मामला लिओनिंग प्रांत के डालियान शहर का है। वांग सरनेम वाले इस व्यक्ति ने मार्च की शुरुआत में एक अस्पताल में ऑपरेशन करवाया। डॉक्टरों ने जब उसकी जांच की, तो उन्हें उसके गले में करीब 12 सेंटीमीटर लंबी धातु की चॉपस्टिक फंसी हुई मिली।

8 साल पहले गलती से निगल लिया चॉपस्टिक

यह सुनकर हर कोई हैरान रह गया, क्योंकि इतनी बड़ी चीज का इतने साल तक गले में फंसा रहना बहुत असामान्य है। जानकारी के मुताबिक करीब 8 साल पहले वांग ने शराब पीते समय गलती से इस चॉपस्टिक को निगल लिया था। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक उस समय उसे थोड़ा दर्द जरूर हुआ, लेकिन सांस लेने में कोई दिक्कत नहीं हुई। जब वह डॉक्टर के पास गया, तो उन्होंने चॉपस्टिक निकालने के लिए गर्दन के पास से सर्जरी करने की सलाह दी। लेकिन डर के कारण वांग ने यह तरीका अपनाने से मना कर दिया और उसी हालत में जीने का फैसला कर लिया।

डॉक्टरों ने ऐसे किया इलाज

अगले कई सालों तक वह इस परेशानी को नजरअंदाज करता रहा। कभी-कभी उसे गले में कुछ फंसा हुआ महसूस होता था, लेकिन उसने इसे सामान्य मान लिया। हाल ही में उसे हर सुबह तेज दर्द होने लगा, खासकर कुछ निगलते समय। तब जाकर उसने दोबारा डॉक्टर से संपर्क किया।

डॉक्टर भी यह जानकर चौंक गए कि यह समस्या 8 साल पुरानी है। जांच में पता चला कि चॉपस्टिक गले के अंदर फंसी हुई है, लेकिन अच्छी बात यह रही कि आसपास के अंगों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा था। इसके बाद डॉक्टरों ने बिना गर्दन काटे, मुंह के रास्ते एक खास तकनीक से ऑपरेशन करने का फैसला किया।

सर्जरी सफल रही और चॉपस्टिक सुरक्षित तरीके से निकाल ली गई। कुछ ही दिनों में वांग पूरी तरह ठीक होकर घर लौट गया। यह अजीब घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। लोग हैरानी जता रहे हैं कि आखिर कोई व्यक्ति इतनी बड़ी चीज को इतने लंबे समय तक कैसे सहन कर सकता है। यह घटना हमें यह भी सिखाती है कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय पर इलाज कराना बेहद जरूरी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article