जंगली दुनिया के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं, जिनमें से कुछ जंगल की सच्ची और कड़वी सच्चाई को दिखाते हैं तो कुछ उन खुशनुमा पलों को दिखाते हैं जिन्हें देख हम प्रकृति की खूबसूरती के कायल हो जाते हैं। हाल में एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें एक मादा तेंदुआ और उसके नन्हें-नन्हें बच्चों की शरारत देखने को मिल रही है। इस वीडियो को देखने के बाद लोगों के होठों पर अपने-आप ही मुस्कान की एक लाली छा गई।
मादा तेंदुए को परेशान करते दिखे बच्चे
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि जंगल में एक मादा तेंदुआ शांत होकर एक जगह बैठी हुई है। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे उसके आस-पास खेल रहे हैं। बच्चे बहुत ही शरारती किस्म के लग रहे हैं। वे अपनी मां के चारों तरफ उछलते हुए धमाचौकड़ी मचा रहे हैं। मां शांत मन से बैठी हुई है और बच्चे उसके शरीर पर चढ़कर खेलते और मस्ती करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो हुआ वायरल
वीडियो में एक मां की ममता और बच्चों की शैतानी देख लोगों को यह यकीन हो गया कि दुनिया में हर एक मां का हाल एक ही जैसा है। चाहे वह इंसानों की बात हो या फिर जंगली जानवरों की। इस प्यारे से वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @gunsnrosesgirl3 नाम के यूजर ने शेयर किया है। जिसे अब तक 27 लाख से भी ज्यादा लोगों ने देखा और सवा लाख लोगों ने इसे लाइक किया है।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
वीडियो पर तमाम लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "मातृत्व का अनुभव सार्वभौमिक है," दूसरे ने लिखा, "हर एक मां को उसके नन्हें बच्चे तंग करते हैं। फिर भी वह उन्हें प्यार और दुलार करती है, यहीं तो ममता है।" ऐसे ही कई अन्य लोगों ने वीडियो के कमेंट सेक्शन में जंगली जानवरों के प्यारे और वायरल वीडियो को शेयर किया।
