Kolkata CPM Leader Attack: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। वरिष्ठ CPM नेता और वकील विकास रंजन भट्टाचार्य के पूर्वी जाधवपुर स्थित घर पर सुबह करीब 5 बजे हमला किया गया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने उनके घर पर शराब की कांच की बोतलें फेंकीं और CCTV कैमरे व खिड़कियां तोड़ी। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चेहरा ढका हुआ एक व्यक्ति दोपहिया वाहन से घर के बाहर पहुंचता हुआ नजर आ रहा है।
CCTV फुटेज में बोतलें फेंकता दिखा शख्स
सामने आए CCTV फुटेज के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति विकास रंजन भट्टाचार्य के घर के बाहर पहुंचा। इसके बाद उसने घर के सामने वाहन खड़ा किया और बैग से एक-एक करके कांच की बोतलें निकालकर घर की ओर फेंकने लगा। आरोप है कि हमलावर ने इस दौरान गाली-गलौज करने के साथ-साथ उन्हें धमकी भी दी। विकास रंजन भट्टाचार्य के अनुसार हमलावर ने कहा, "हमसे उलझो मत, हम देशभक्त हैं।"
विकास ने ‘हिंदुत्ववादी गुंडों’ पर लगाया आरोप
CPM के पूर्व राज्यसभा सांसद विकास रंजन भट्टाचार्य ने हमले के लिए कथित तौर पर ‘हिंदुत्ववादी गुंडों’ को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 5 बजे पूर्वी जाधवपुर पुलिस स्टेशन इलाके में स्थित उनके घर को निशाना बनाया गया। उनका आरोप है कि हमलावरों ने घटना के दौरान उनके लिए भद्दी गालियों का इस्तेमाल किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि हमले के समय उनके घरेलू सहायक बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने दर्ज की शिकायत
विकास रंजन भट्टाचार्य के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस उनके घर पहुंची। उन्होंने पुलिस को पूरी घटना के बारे में बताया और शिकायत भी दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे जो भी जरूरी कदम होंगे, वह उठाएंगे।वरिष्ठ कानूनी पेशेवर विकास रंजन भट्टाचार्य के घर पर हुए हमले को लेकर कुछ वकीलों ने चिंता जताई है। घटना के CCTV फुटेज में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान और हमले के कारणों को लेकर आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।
