वायरल न्यूज़

VIDEO: स्टंट के चक्कर में टूटी दोनों टांगें, रील के लिए युवक ने 30 फीट ऊपर से डेम में लगाई छलांग

एक शख्स ने 30 फीट की ऊंचाई से पानी में छलांग लगा दी। पानी कम होने की वजह से वह अंदर मौजूद चट्टानों से टकरा गया। जिसके बाद उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया।

Image

डेम में छलांग लगाते युवक का वीडियो हुआ वायरल (X/@SonOfBharat_88)

सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल होने के लिए लोग कई बार ऐसे स्टंट कर बैठते हैं, जिनका अंजाम बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसा ही एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के झांसी में एक 32 वर्षीय शख्स ने करीब 30 फीट की ऊंचाई से डेम में छलांग लगा दी लेकिन उसे शायद अंदाजा नहीं था कि यह छलांग उसकी जिंदगी के लिए इतनी भारी पड़ जाएगी।

दोस्तों के साथ गया था घूमने

मामला पहूज डेम क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पुष्पेंद्र कुमार मनौरिया रविवार शाम अपने दोस्तों के साथ यहां घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने डेम के एक ऊंचे हिस्से से पानी में छलांग लगाने का फैसला कर लिया। उनके दोस्त इस पूरे पल को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर रहे थे।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

रेलिंग पार कर लगा दी छलांग

वायरल वीडियो (Viral Video) में शख्स को पहले सुरक्षा रेलिंग पार करते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद वह करीब 30 फीट की ऊंचाई से नीचे पानी में कूद जाता है। कूदने से ठीक पहले उसके दोस्तों में से एक मजाक करते हुए कुछ ऐसा कहता सुनाई देता है, जैसे वह किसी बड़े खतरे में जाने वाला हो लेकिन अगले ही पल जो हुआ, उसने सभी को परेशान कर दिया। शख्स पानी में सुरक्षित तरीके से नहीं उतर पाया। वह पानी के नीचे मौजूद चट्टानी सतह से जा टकराया। इस टक्कर के कारण उसके दोनों पैरों में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया।

चोट के बाद भी खुद बचने की कोशिश

गिरने के बाद वह अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पा रहा था। इसके बावजूद उसने हिम्मत नहीं छोड़ी। वह अपने हाथों के सहारे धीरे-धीरे किनारे की तरफ बढ़ने की कोशिश करता रहा। इसी दौरान उसे एक रॉड दिखाई दी। उसने रॉड को पकड़कर खुद को किनारे की ओर खींचने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने भी उसकी मदद की और उसे पानी से बाहर निकाला। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

अस्पताल में हुआ इलाज

शख्स को बाद में एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसके एक पैर की सर्जरी की। रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रैक्चर की गंभीरता को देखते हुए पैर में दो रॉड डाली गईं। दूसरे पैर में भी सर्जरी की जरूरत बताई गई है। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हमने यह वीडियो (Video) सोशल साइट एक्स पर पोस्ट करने वाले @SonOfBharat_88 नामक अकाउंट से लिया है। जिसे अब तक हजारों व्यूज मिल चुके हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कुछ सेकंड के वीडियो और सोशल मीडिया पर मिलने वाले व्यूज के लिए लोग अपनी जान को खतरे में क्यों डालते हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article