शहर

Agra News: सड़क की बदहाली ने ली नवजात की जान, दो घंटे तक रास्ते में अटकी एंबुलेंस, परिवार ने की कार्रवाई की मांग

आगरा में खराब सड़क पर एंबुलेंस करीब दो घंटे फंसे रहने के कारण एक नवजात बच्ची की जान चली गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से एंबुलेंस को बाहर निकाला। परिवार ने अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

Image

आगरा में खराब सड़क पर 2 घंटे फंसी एंबुलेंस

Photo : Times Now Digital

Agra News: आगरा में खराब सड़क व्यवस्था की वजह से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। जहां एक नवजात की किलकारी गूंजने से पहले ही, सड़क की बदहाली ने उसकी सांसें हमेशा के लिए छीन लीं। जानकारी के अनुसार, एक एंबुलेंस खराब सड़क पर करीब दो घंटे तक फंसी रही। इस कारण एक नवजात बच्ची की मौत हो गई। परिवार ने अधिकारियों से मामले की शिकायत कर सड़क के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना 2 सितंबर को बाह क्षेत्र के गढ़वार गांव की है, जहां प्रदीप सिंह नाम के शख्स ने पत्नी को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर सरकारी एंबुलेंस बुलाई थी। अस्पताल जाते समय खराब सड़क के कारण एंबुलेंस रास्ते में ही फंस गई। स्थिति इतनी खराब थी कि ग्रामीणों को एंबुलेंस को बाहर निकालने के लिए उसे ट्रैक्टर से बांधना पड़ा। करीब 2 घंटे तक सड़क पर फंसे रहने के बाद आखिरकार एंबुलेंस को बाहर निकाल लिया गया। एंबुलेंस जब तक महिला को लेकर अस्पताल पहुंची, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और नवजात बच्ची ने दम तोड़ दिया था।

अधिकारियों का पक्ष और कार्रवाई

घटना से आहत पीड़ित पिता प्रदीप कुमार ने अधिकारियों को पत्र लिखकर सड़क के रखरखाव और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उप जिला मजिस्ट्रेट (SDM) विनोद कुमार ने बताया कि 5 सितंबर को तहसील दिवस के दौरान यह शिकायत मिली थी, जिसे लोक निर्माण विभाग (PWD) के पास भेजकर रिपोर्ट तलब की गई है। एसडीएम ने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर साधा निशाना

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना से जुड़ा एक न्यूज क्लिप 'एक्स' पर साझा करते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, "इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण और क्या हो सकता है-भाजपा के भ्रष्टाचार के कारण अब तो वे लोग भी मारे जा रहे हैं जिनका अभी जन्म भी नहीं हुआ था।"

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article