आज के समय में फिट रहने के लिए लोग जिम की महंगी मेंबरशिप लेते हैं, डाइट प्लान फॉलो करते हैं और तरह-तरह के सप्लीमेंट्स का इस्तेमाल करते हैं लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। इस वीडियो में जापान में रहने वाली एक भारतीय महिला ने बताया कि वहां के गांवों में रहने वाले लोग बिना महंगे जिम और खास डाइट के भी कैसे स्वस्थ और फिट रहते हैं।
वीडियो में महिला ने बताया जापानियों के फिट रहने का सीक्रेट
महिला वीडियो (Video) में जापान के एक शांत गांव की झलक दिखाती हैं। वह बताती हैं कि शाम के करीब 7 बजे ही पूरा गांव शांत हो जाता है। लोग अपने रोज के काम खत्म करके जल्दी घर लौट आते हैं। वहां देर रात तक जागने की आदत नहीं है। लोग समय पर खाना खाते हैं और जल्दी सो जाते हैं। यही उनकी अच्छी सेहत की सबसे बड़ी वजह मानी जाती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
रोज के काम से ही हो जाती है बढ़िया एक्सरसाइज
महिला बताती हैं कि जापान के गांवों की जिंदगी बड़े शहरों से बिल्कुल अलग है। शहरों में लोगों की जिंदगी भागदौड़ भरी होती है, जबकि गांवों में लोग प्रकृति के साथ तालमेल बनाकर रहते हैं। सुबह जल्दी उठना, दिनभर खेती, बागवानी, मछली पालन या दूसरे शारीरिक काम करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। यही वजह है कि उन्हें अलग से जिम जाने की जरूरत नहीं पड़ती। उनका रोजमर्रा का काम ही अच्छी एक्सरसाइज बन जाता है।
नींद पूरी कर खुद को रखते हैं सेहतमंद
वायरल वीडियो (Viral Video) में यह भी बताया गया कि गांवों में रहने वाले लोग पूरी और अच्छी नींद लेते हैं। अच्छी नींद शरीर को आराम देती है, तनाव कम करती है और इम्यूनिटी को मजबूत बनाती है। शायद यही कारण है कि जापान के कई बुजुर्ग 80 साल की उम्र के बाद भी सक्रिय रहते हैं और अपने ज्यादातर काम खुद करते हैं।
खाने में क्या खाते हैं जापानी?
खान-पान की बात करें तो जापान के ग्रामीण इलाकों में लोग ताजा और घर का बना खाना पसंद करते हैं। उनकी थाली में मौसमी सब्जियां, चावल, मछली, सूप और दूसरे पारंपरिक व्यंजन शामिल होते हैं। वे जरूरत से ज्यादा खाना नहीं खाते और जंक फूड से दूरी बनाए रखते हैं। संतुलित भोजन उनकी सेहत को बेहतर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
