बिजनेस

Gold-Silver Prices: धनतेरस-दिवाली पर सोना-चांदी खरीदने का बना रहे हैं मन, जानिए कैरेट के हिसाब से ताजा भाव और बाजार का हाल

Gold-Silver Prices: धनतेरस-दिवाली से पहले सोना-चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव जारी है। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार के मिले-जुले रुख के बीच एक्सपर्ट्स खरीदारों को वैश्विक फैसलों और स्थानीय दरों को देखकर निवेश करने की सलाह दे रहे हैं।

Image

धनतेरस-दिवाली पर सोना-चांदी खरीदने से पहले जानें रेट

Photo : iStock

Gold-Silver Prices : धनतेरस और दिवाली के पावन त्योहार नजदीक आते ही देश में सोने और चांदी की खरीददारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं हैं। इस बीच सर्राफा बाजार और कमोडिटी एक्सचेंजों पर कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। त्योहारी सीजन में लोग इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि इस समय सोना-चांदी खरीदना फायदेमंद रहेगा या कीमतों में और गिरावट का इंतजार करना चाहिए। आइए जानते हैं कि आज बाजार में सोना और चांदी किस भाव पर बिक रहे हैं और एक्सपर्ट्स का इस पर क्या कहना है।

सोने के ताजा भाव: एमसीएक्स से लेकर दिल्ली सर्राफा बाजार तक

गुरुवार को बाजार खुलने से पहले मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 0.07% (105 रुपये) की मामूली गिरावट के साथ 1,43,600 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। पिछले कारोबारी दिन यह 1,43,705 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। हालांकि, बुलियंस के आंकड़ों के मुताबिक 24 कैरेट सोने का दाम बढ़कर 1,44,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,054.00 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार की बात करें तो, यहां बुधवार को सोने की कीमतों में 700 रुपये की तेजी आई, जिसके बाद 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला (24 कैरेट) सोना सभी टैक्स सहित 1,46,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसके अलावा, गुडरिटर्न्स के आंकड़ों के अनुसार विभिन्न कैरेट के दाम इस प्रकार हैं:-

  • 24 कैरेट सोना: 1,44,100 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 22 कैरेट सोना: 1,32,100 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 18 कैरेट सोना: 1,08,110 रुपये प्रति 10 ग्राम

इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन के मुताबिक 28 अक्टूबर 2026 तक सोना चांदी का भाव इस प्रकार है:-

  • 24 कैरेट सोना (999): 1,42707 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 22 कैरेट सोना (916): 1,30,720 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 18 कैरेट सोना (750): 1,07,030 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 14 कैरेट सोना (585): 83,484 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • चांदी (999): 1,93,442 रुपये प्रति किलो

चांदी की कीमतों में मिला-जुला रुख

सोने की तरह चांदी के बाजार में भी उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। गुरुवार को बाजार खुलने से पहले एमसीएक्स पर चांदी का वायदा भाव 0.06% (125 रुपये) की तेजी के साथ 1,94,450 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया, जबकि पिछले सत्र में यह 1,94,325 रुपये पर बंद हुआ था। बुलियंस के अनुसार चांदी की कीमत 1,94,990 रुपये प्रति किलो और अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह 53.69 डॉलर प्रति औंस पर है। दिल्ली के सर्राफा बाजार में बुधवार को चांदी 1.98 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही, जबकि गुडरिटर्न्स के आंकड़ों के अनुसार कुछ जगहों पर इसके दाम 2,20,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक आंके गए हैं। वैश्विक स्तर पर हाजिर चांदी 1.23 प्रतिशत टूटकर 53.75 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती नजर आई।

रुपये में कमजोरी और वैश्विक कारण

कीमती धातुओं के बाजार पर वैश्विक घटनाओं का गहरा असर देखने को मिल रहा है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया बुधवार को 21 पैसे कमजोर होकर 95.28 प्रति डॉलर के स्तर पर आ गया। डॉलर की मजबूती और सऊदी अरब की रास तनुरा तेल रिफाइनरी पर हूती विद्रोहियों के हमलों के चलते कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी ने रुपये पर दबाव बढ़ाया है। रुपये के टूटने से देश में सोने का आयात महंगा हो गया है, जिसके कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी के बावजूद घरेलू सर्राफा कीमतों को कड़ा समर्थन मिल रहा है।

बाजार एक्सपर्ट्स की क्या है राय?

बाजार एक्सपर्ट्स के अनुसार, इस समय निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व और फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) के नीतिगत फैसलों का बेहद सतर्कता से इंतजार कर रहे हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई एचडीएफसी सिक्योरिटीज के जिंस मामलों के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी का कहना है कि इस महत्वपूर्ण फैसले से पहले वैश्विक बाजार सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है।

मिराए एसेट शेयरखान के प्रवीण सिंह ने कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का हवाला देते हुए बाजार के रुख पर प्रकाश डाला। वहीं, आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स की जिंस एवं मुद्रा शोध विश्लेषक वेदिका नार्वेकर ने मांग के मोर्चे पर बताया कि जहां चीन में परिवार कीमतों में नरमी का फायदा उठाकर खरीदारी कर रहे हैं, वहीं भारत में खरीदार त्योहारी सीजन की शुरुआत से पहले फिलहाल थोड़ा इंतजार करने की नीति अपना रहे हैं और कीमतों में और गिरावट की उम्मीद कर रहे हैं। अगर आप भी इस धनतेरस या दिवाली पर सोने या चांदी में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो अपने स्थानीय सर्राफा बाजार के ताजा भाव और अपने बजट का मिलान करने के बाद ही सही निर्णय लें।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article