वायरल न्यूज़

कार के सामने आया भालू का बच्चा, मां ने बोनट में कर दिया छेद, डैशकैम में कैद खौफनाक VIDEO

मां भालू और उसके बच्चे ने कार का रास्ता रोका। इसके बाद मादा भालू ने कार के बोनट पर हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। डैशकैम का वीडियो अब वायरल हो रहा है।

Image

भालू का कार पर हमला (X/@nexta_tv)

एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया (Social Media) पर लोगों को हैरान कर रहा है। सड़क पर सफर कर रहे एक ड्राइवर के सामने अचानक दो भालू आ गए। इनमें एक बड़ा भालू और उसके साथ एक छोटा बच्चा नजर आया। ड्राइवर ने खतरा देखते हुए कार रोक दी, लेकिन शायद उसे अंदाजा नहीं था कि अगले कुछ सेकंड में उसकी कार पर ही हमला होने वाला है। यह घटना जापान के होक्काइडो के बिफुका इलाके की बताई जा रही है। जापानी पुलिस ने इस घटना का डैशकैम वीडियो जारी किया है। वीडियो में सड़क के पास दो भालू दिखाई देते हैं। माना जा रहा है कि बड़ा भालू मादा था और उसके साथ उसका बच्चा था।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

पहले दूर गए, फिर अचानक लौट आया भालू

वीडियो (Video) की शुरुआत में दोनों भालू कार से दूर जाते हुए नजर आते हैं। ड्राइवर भी अपनी गाड़ी रोककर उन्हें रास्ता देने की कोशिश करता है। कुछ पल के लिए ऐसा लगता है कि खतरा टल गया है लेकिन तभी बड़ा भालू अचानक पीछे मुड़ता है और तेजी से कार की तरफ बढ़ने लगता है। देखते ही देखते वह कार के अगले हिस्से तक पहुंच जाता है और बोनट पर चढ़ जाता है। इसके बाद भालू अपने पंजों और दांतों से कार पर हमला करने लगता है। वह बोनट को नोचता और वाहन के अगले हिस्से से टकराता दिखाई देता है। कुछ देर तक कार के आसपास घूमने के बाद वह अपने बच्चे के पास लौटता है और दोनों वहां से चले जाते हैं।

बोनट में हो गया छेद

भालू के इस हमले से कार को काफी नुकसान पहुंचा। बोनट पर खरोंच और डेंट के निशान दिखाई दिए, जबकि उसके एक हिस्से में छेद तक हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में मौजूद ड्राइवर को कोई चोट नहीं आई। वीडियो सामने आने के बाद लोग लगातार इस घटना पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि कार के अंदर बैठकर भी ऐसी स्थिति का सामना करना बेहद डरावना रहा होगा।

बच्चे के पास होने से आक्रामक हुई मां?

जंगली जानवर अपने बच्चों को खतरा महसूस होने पर काफी आक्रामक हो सकते हैं। इस घटना में भी माना जा रहा है कि बड़े भालू ने कार को अपने बच्चे के लिए खतरा समझा और इसी वजह से वह अचानक वाहन पर टूट पड़ा। होक्काइडो में भालुओं की मौजूदगी को लेकर पहले भी लोगों को सावधान किया जाता रहा है। जंगल या ऐसे इलाकों से गुजरने वाले लोगों को जंगली जानवरों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है। फिलहाल यह डैशकैम वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखकर एक बात तो साफ है कि जंगल के करीब सड़क पर सफर करते समय कुछ सेकंड का सामना भी जिंदगी भर याद रहने वाला अनुभव बन सकता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article