भारत और भारतीयों के लिए शादी का सीजन चल रहा है। इस शादी वाले सीजन में आए दिन कपल अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर रहे हैं। अब शादी भारत में हो या कहीं और, भारतीयों की रस्में, रीति-रिवाज, परंपरा और का देसी अंदाज हर जगह आपको देखने को मिल जाएगा। हाल में कुछ ऐसा ही नजारा न्यूयॉर्क के Fifth Avenue स्ट्रीट पर देखने को मिली। जहां दुनिया की सबसे व्यस्त और मशहूर सड़कों में से एक, इस सड़क पर भारतीय बारात निकाली गई। बारात के निकलने से पूरा इलाका जश्न के माहौल में बदल गया। फिलहाल इस भारतीय बारात का वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।
NYC में दिखा भारतीय कल्चर
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि इस भारतीय बारात में लोगों का हुजूम बहुत दूर तक दिख रहा है। लोग रंग-बिरंगे कपड़ों में ढोल-नगाड़े और DJ की धुन पर झूमकर डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। बारात में दूल्हा-दुल्हन एक ओपन ट्रक पर सवार हैं और वे खुशी से नाचते-गाते दिख रहे हैं। ट्रक के नीचे खड़े बाराती दिल खोलकर डांस कर रहे हैं। इस नजारे को रिकॉर्ड करने के लिए फोटोग्राफर्स और वीडियोग्राफर्स की एक टीम भी दिख रही है। जो बारात के हर एक पल को अपने कैमरे में रिकॉर्ड करती नजर आ रही है।
भारतीय बारात को देख थम गई ट्रैफिक
यह बारात इतनी बड़ी और जोश से भरी थी कि इसे देखने के लिए कुछ समय तक सड़क पर ट्रैफिक भी थम गया। बताया जा रहा है कि इस बारात में कम से कम 400 लोग शामिल थे। वीडियो में आप देख सकते हैं कि बारात में शामिल लोग पूरे जोश में नाच रहे हैं। आसपास खड़े लोग भी इस नजारे को देखकर हैरान हैं और कई लोग अपने फोन से इस बारात का वीडियो बना रहे हैं।
लोगों के दिल को भा गई यह बारात
बारात का यह पूरा नजारा देखने लायक था। जहां एक तरफ न्यूयॉर्क की ऊंची-ऊंची इमारतें, वहीं, दूसरी तरफ भारतीय परंपरा से भरी बारात, दोनों का यह मेल लोगों को काफी पसंद आ रहा है। इस वीडियो (Video) को देखने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "भारतीय परंपराएं और खुशियां दुनिया के किसी भी कोने में उतनी ही खास लगती हैं। जितनी यह होती है।" दूसरे ने लिखा, "इस भारतीय बारात ने तो न्यूयॉर्क की सड़कों को भी देसी बना दिया।"डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
