Viral Video: सोशल मीडिया पर एक से एक चौंकाने वाला वीडियो वायरल होते रहते हैं। कुछ वीडियो तो ऐसे होते हैं, जिन्हें देखकर अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं। जबकि, कुछ नजारों को देखकर लोगों को अपनी आंखों पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है। इसी कड़ी में राजस्थान के कोटा से एक हाहाकारी वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया। क्योंकि, इस वीडियो में भालुओं का एक झुंड अचानक थर्मल पावर स्टेशन पर पहुंच गया। भालुओं (Bear Video) को देखकर कर्मचारी दहशत में आ गए और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इतना ही नहीं जिसने भी यह नजारा देखा वो एक पल के लिए दंग रह गया। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि कोटा थर्मल पावर स्टेशन के पास एक बार फिर भालूओं का मूवमेंट देखने को मिला। जानकारी के मुताबिक, देर रात गेट नंबर 4 पर एक साथ चार भालू नजर आने से कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। वीडियो में आप देख सकते हैं किस तरह भालू गेट के आसपास बेखौफ घूमते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, भालू को देखते ही स्ट्रीट डॉग ने भी भौंकना शुरू कर दिया। कर्मचारियों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब थर्मल परिसर के आसपास भालू दिखाई दिए हों। कुछ दिन पहले कैंटीन के पास एक भालू ने कर्मचारी पर हमला कर दिया था। जिसमें वह घायल हो गया था। इसके बाद से कर्मचारियों में पहले ही डर का माहौल था और अब एक साथ चार भालुओं की मौजूदगी ने सबकी चिंता और बढ़ा दी है।
भालू दिखने से दहशत में लोग
जानकारों का मानना है कि देर रात कम आवाजाही और शांति के कारण भालू औद्योगिक क्षेत्रों की ओर पहुंच रहे हैं। भोजन की तलाश में वन्यजीव आबादी वाले इलाकों तक आ रहे हैं, जिससे लोगों और वन्यजीव के बीच संघर्ष का खतरा बढ़ रहा है। इतना ही नहीं इस घटना के बाद कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। कर्मचारियों की मांग है कि रात के समय गश्त बढ़ाई जाए और परिसर के संवेदनशील हिस्सों में पर्याप्त रोशनी की जाए और वन विभाग की टीम लगातार निगरानी रखे। वन विभाग ने दो दिन पहले भी थर्मल पावर प्लांट से एक भालू को पिंजरे में कैद करके पकड़ा है। थर्मल कर्मचारियों की मांग है कि जो चार भालू नजर आए हैं उन्हें भी वन विभाग पकड़े और मुकुंदरा टाइगर रिजर्व में ले जाकर छोड़ दें।
