वायरल न्यूज़

पुल पर बह रहा था सैलाब, बाइक लेकर निकल पड़ा युवक, तेज बहाव में बहा, Video Viral

बाढ़ के तेज बहाव के बीच बाइक लेकर पुल पार करने की कोशिश कर रहा युवक बह गया। ग्रामीणों ने उसकी जान बचाई, लेकिन बाइक पानी में बह गई।

Image

तेज बहाव में बहा युवक (Instagram/@mr.vikas.mina)

मानसून के मौसम में नदी और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है। कई जगहों पर पुल के ऊपर तक पानी बहने लगता है। ऐसे समय में लोगों को बार-बार चेतावनी दी जाती है कि पानी का बहाव कम होने तक पुल पार करने की कोशिश न करें लेकिन कई बार लोग जल्दबाजी में ऐसी गलती कर बैठते हैं, जो उनकी जान पर भारी पड़ सकती है।

पुल पर तेज रफ्तार से बह रहा था पानी

सोशल मीडिया (Social Media) पर इन दिनों ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक तेज बहाव वाले पानी के बीच बाइक लेकर पुल पार करने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। कुछ ही सेकंड में पानी की ताकत के आगे उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ जाता है और वह बाइक समेत बहने लगता है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

पानी की तेज धार में बाइक लेकर उतरा युवक

वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि एक पुल के ऊपर से पानी तेजी से बह रहा है। सड़क के दोनों तरफ कई वाहन खड़े हैं और लोग पानी का बहाव कम होने का इंतजार करते नजर आते हैं। माहौल देखकर साफ पता चल रहा है कि पुल पार करना सुरक्षित नहीं है। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक वहां पहुंचता है। वह कुछ देर रुकने के बजाय अपनी बाइक को बहते पानी में उतार देता है। शुरुआत में वह धीरे-धीरे आगे बढ़ता है, लेकिन कुछ ही दूरी पर पहुंचते ही पानी का तेज बहाव बाइक को अपनी तरफ खींचने लगता है।

बाइक समेत बहने लगा युवक

युवक बाइक को संभालने की काफी कोशिश करता है। वह अपने पैर जमीन पर टिकाकर संतुलन बनाने की कोशिश करता है, लेकिन पानी की ताकत इतनी ज्यादा होती है कि उसकी कोशिश काम नहीं आती। अचानक बाइक का संतुलन पूरी तरह बिगड़ जाता है और युवक पानी में गिर जाता है। इसके बाद वह बाइक समेत तेज बहाव में बहने लगता है। किनारे पर खड़े लोग यह देखकर घबरा जाते हैं और उसकी मदद के लिए आवाज लगाने लगते हैं।

ग्रामीणों ने बचाई जान

गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों ने समय रहते युवक को बचा लिया। थोड़ी दूर बहने के बाद किसी तरह उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, उसकी बाइक पानी के तेज बहाव में बह गई और उसका पता नहीं चल सका।

सोशल मीडिया पर लोगों ने लगाई फटकार

इस वीडियो (Video) को इंस्टाग्राम पर @mr.vikas.mina नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद लोग युवक की लापरवाही पर नाराजगी जता रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि कुछ मिनट की जल्दबाजी के लिए अपनी जान को खतरे में डालना बिल्कुल सही नहीं है। मानसून में उफनते पानी की ताकत का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है इसलिए अगर किसी पुल के ऊपर पानी बह रहा हो, तो उसे पार करने की कोशिश करने के बजाय सुरक्षित जगह पर रुकना ही समझदारी है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article