मध्य चीन में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला इन दिनों काफी चर्चा में है क्योंकि वह अपनी देखभाल के लिए एक नई 'बेटी' की तलाश कर रही है। इसके बदले वह एक फ्लैट और हर महीने 420 अमेरिकी डॉलर (लगभग 3,000 युआन) वेतन भी देने को तैयार हैं। इसको अगर भारतीय रुपयों बात करें तो 37,500/- रुपये से ज्यादा होता है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक महिला का नाम मा है और वह हेनान प्रांत में रहती हैं। उन्होंने 19 नवंबर को एक लोकल टीवी शो में अपनी कहानी बताई।
ये है वजह
मा ने बताया कि उनकी दो सगी बेटियां हैं, लेकिन दोनों किसी न किसी वजह से उनकी देखभाल नहीं कर पा रही हैं। उनकी बड़ी बेटी उनसे रिश्ता तोड़ना चाहती है। बताया जाता है कि दोनों के बीच मा की पोती के पालन-पोषण को लेकर विवाद हुआ था। वहीं उनकी छोटी बेटी मानसिक विकलांगता से जूझ रही है और खुद की देखभाल भी नहीं कर पाती, इसलिए मा की मदद नहीं कर सकती। मा की तबीयत भी ठीक नहीं रहती। उन्हें अस्थमा है और वह 100 मीटर भी आसानी से नहीं चल पातीं। इसलिए उन्हें कोई ऐसा व्यक्ति चाहिए जो बेटी की तरह उनका ख्याल रख सके, उन्हें अस्पताल ले जाए। दवाइयों का ध्यान रखे और उनके साथ समय बिताए।
बेटी जैसा निभाना होगा रिश्ता
इसके बदले मा बहुत बड़ी पेशकश कर रही हैं। उन्होंने कहा है कि उनके पास दो फ्लैट हैं, जिनमें से एक वह अपनी नई 'बेटी' को दे देंगी। इसके अलावा उनकी मासिक पेंशन 3,000 युआन है, जिसे वह देखभाल करने वाली महिला को वेतन के रूप में देने को तैयार हैं। चीनी मीडिया के मुताबिक मा के पास लगभग 400,000 युआन (56,000 अमेरिकी डॉलर) की बचत भी है। उन्होंने यह भी बताया कि अपना दूसरा फ्लैट वह अपनी छोटी बेटी के नाम छोड़ने का विचार रखती हैं। मा को उम्मीद है कि इंटरनेट के जरिए उन्हें कोई ऐसी महिला मिल जाएगी जो ईमानदारी से उनकी देखभाल करे और उनके साथ एक बेटी जैसा रिश्ता बनाए।
