Viral Video: सोशल मीडिया की दुनिया में रोजाना हजारों वीडियो सामने आते हैं, लेकिन कुछ वीडियो (Trending Video) ऐसे होते हैं जो सीधे हमारे दिल को छू जाते हैं। वहीं, कुछ वीडियो ऐसे भी होते हैं, जिनपर यकीन करना मुश्किल हो जाता है। जबकि, कुछ वीडियो को देखकर दिन बन जाते हैं। इसी कड़ी में एक ऐसा ही खूबसूरत नजारा हाल ही में देखने को मिला, जहां एक आर्टिस्ट ने अपनी अनोखी कलाकारी से ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी के चेहरे पर ऐसी मुस्कान ला दी, जिसकी तारीफ अब हर जगह हो रही है।
आर्टिस्ट 'The_UK16_Artist' ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वे एक सावर्जनिक कार्यक्रम में अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निभा रहे उत्तराखंड पुलिस के एक जवान को देखते हैं। जवान अपनी धुन में खड़े होकर इवेंट की निगरानी कर रहे होते हैं। आर्टिस्ट को उनके चेहरे का हाव-भाव और रौबीली मूंछें इतनी पसंद आती हैं कि वे तुरंत एक माचिस की डिब्बी निकालते हैं और पेंसिल से बेहद कम समय में उस पुलिसकर्मी का बिल्कुल सटीक और खूबसूरत स्केच बना डालते हैं। स्केच पूरा होने के बाद जब आर्टिस्ट माचिस की डिब्बी लेकर पुलिसकर्मी के पास पहुंचता है और उन्हें वो सरप्राइज स्केच दिखाता है, तो जवान की खुशी का ठिकाना नहीं रहता। उनके चेहरे पर आई अचानक चमक और मुस्कान देखने लायक होती है। पुलिस जवान इस कलाकारी से इतने प्रभावित होते हैं कि वे तुरंत अपनी जेब में हाथ डालते हैं और सम्मान के तौर पर पैसे निकाल कर आर्टिस्ट को देने लगते हैं। हालांकि, आर्टिस्ट बेहद शालीनता से पैसे लेने से इंकार कर देता है और कहता है कि यह उनकी तरफ से एक छोटा सा प्यार और सम्मान है। देखें वीडियो...
दिल छू लेने वाला नजारा
पुलिस जवान बेहद गर्व और खुशी के साथ उस माचिस की डिब्बी को अपनी वर्दी की जेब में रख लेते हैं और वहां मौजूद अपने साथी अधिकारियों और लोगों को भी मुस्कुराते हुए वो स्केच दिखाते हैं। हर कोई आर्टिस्ट की इस बारीक और अद्भुत कला की दाद देता नजर आता है। वीडियो देखकर आप भी जरूर मंत्रमुग्ध हो गए होंगे। अब यह वीडियो लोगों के बीच छाया हुआ है और यूजर्स इस पर जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि कलाकार का हुनर तो कमाल का है ही, पर पुलिस वाले सर का रिएक्शन सबसे ज्यादा खूबसूरत था। एक अन्य यूजर ने लिखा कि यह वीडियो साबित करता है कि छोटी-छोटी खुशियां ही जिंदगी को सुंदर बनाती हैं। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
