शहर

रोहतक में मां-बेटी को कार ने कुचला, CCTV में कैद हुआ हादसे का Video

हरियाणा के रोहतक में पार्क में सैर करने जा रही मां-बेटी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। दोनों गंभीर घायल हैं। हादसा CCTV में कैद हो गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है।

Image

मां-बेटी के सड़क हादसे का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ (Times Now Navbharat)

हरियाणा के रोहतक में एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां पार्क में सैर करने जा रही मां-बेटी को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसा जाट भवन के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार में सवार दो लोगों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। घायल मां-बेटी को इलाज के लिए रोहतक के पीजीआई में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पार्क में सैर करने जा रही थीं मां-बेटी

जानकारी के मुताबिक, घायल महिला नीलम गोपाल कॉलोनी में रहती हैं। उनके पति का नाम स्वर्गीय नरेंद्र सिंह मलिक बताया गया है। नीलम ने बताया कि रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपनी मां कृष्णा देवी के साथ देवीलाल पार्क में सैर करने जा रही थीं। दोनों जाट भवन के पास पहुंची ही थीं कि पीछे से तेज रफ्तार में आई एक वरना कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में नीलम उछलकर दूर जा गिरीं, जबकि उनकी मां कृष्णा देवी कार के आगे गिर गईं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

कार के नीचे फंस गईं कृष्णा देवी

नीलम के आरोप के मुताबिक, टक्कर के बाद कार चालक ने कृष्णा देवी के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। इससे वह कार के नीचे फंस गईं। यह देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने कार को रुकवाया और घायल महिला को बाहर निकालने की कोशिश की। राहगीरों ने मिलकर कृष्णा देवी को कार के नीचे से निकाला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए पीजीआई पहुंचाया गया। नीलम भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं और उनका भी इलाज चल रहा है।

लोगों ने कार सवार दो लोगों को पकड़ा

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार में सवार दो लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। नीलम ने आरोप लगाया कि कार से उतारे जाने के दौरान दोनों लोग शराब के नशे में लग रहे थे। हालांकि, उनके नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस हादसे के कारणों और कार सवार लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

CCTV में कैद हुई घटना

इस हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। CCTV फुटेज में दिख रहे वीडियो (Video) में आप देख सकते हैं कि सड़क पर लोग आ-जा रहे हैं। कुछ वाहनों को भी देखा जा सकता है। इसी बीच सड़क पर टहल रही दो महिलाएं भी दिख रही हैं। इतने में पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उन दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद महिलाएं बुरी तरह से घायल हो गईं।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article