न्यू ईयर की शाम जहां ज्यादातर लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ जश्न मना रहे होते हैं, वहीं कई लोग ऐसे भी होते हैं जो दूसरों की खुशियों में चार चांद लगाने के काम में जुटे होते हैं। इनमें से ही एक होते हैं, डिलीवरी बॉय। जो दिन-रात हमारी सुविधा के लिए काम में जुटे रहते हैं। जब भी हो हमारे एक ऑर्डर पर वे हमारे लिए हमारी मनचाही चीज लेकर तुरंत हाजीर हो जाते हैं। ऐसे में हमारा भी फर्ज बनता है कि हम भी उनकी खुशियों के लिए कुछ करें। हाल में एक ऐसा ही एक दिल छू लेने वाला मामला इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें एक कस्टमर की इंसानियत ने डिलीवरी बॉय की न्यू ईयर ईव बेहद ही खास बना दी।
न्यू ईयर ईव पर कस्टमर ने ऑर्डर किया खाना
न्यू ईयर ईव पर एक ग्राहक ने शाम करीब 8:30 बजे अपने लिए फूड ऑर्डर किया था। उन्हें अंदाजा था कि त्योहार की वजह से डिलीवरी में देर हो सकती है। करीब 90 मिनट बाद जब डिलीवरी बॉय खाना लेकर पहुंचा तो उसके चेहरे पर थकान और तनाव साफतौर पर नजर आ रहा था और इसकी वजह यह थी कि उसे अभी भी लगभग 30 ऑर्डर और डिलीवर करने थे।
कस्टमर ने शेयर किया अपना अनुभव
कस्टमर ने अपने इस अनुभव को शेयर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि डिलीवरी बॉय के चेहरे पर मुस्कान थी, लेकिन वह जल्दी में था। ग्राहक ने उसे एक मिनट रुकने को कहा, पानी ऑफर किया और थोड़ा आराम करने के लिए कहा। डिलीवरी बॉय मुस्कराया और बिना समय गंवाए अगले ऑर्डर के लिए निकल गया।
कस्टमर ने दिए 501 रुपए की टिप
त्योहार के दिन भी डिलीवरी बॉय की व्यस्तता देखकर वह कस्टमर भावुक हो गया। उसने सोचा कि साल के आखिरी दिन, जब ज्यादातर लोग छुट्टी पर हैं, तब भी ये लड़का दूसरों के लिए मेहनत कर रहा है। इसी सोच के साथ कस्टमर ने ऐप से उस डिलीवरी बॉय का नंबर निकाला और UPI के जरिए 501 रुपये की टिप भेज दी। साथ ही उसके परिवार के लिए शुभकामनाएं देते हुए न्यू ईयर की बधाई भी दी।
टिप पाकर खुश हुआ डिलीवरी बॉय
इस छोटी-सी मदद से वह डिलीवरी बॉय बहुत खुश हुआ। उसने व्हाट्सऐप पर कस्टमर को जवाब देते हुए लिखा, "टिप के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद सर, मुझे पेट्रोल के लिए पैसा हो गया।" यानी इस पैसे से उसका पेट्रोल का खर्च निकल जाएगा। कस्टमर ने डिलीवरी बॉय के चैट का स्क्रीनशॉट को शेयर करते हुए लिखा कि डिलीवरी राइडर्स हमारे असली हीरो हैं। कोई भी काम छोटा नहीं होता और ये लोग हमारी रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाते हैं। पोस्ट वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोग ग्राहक की तारीफ करने लगे।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
