शहर

दलेर मेहंदी विवाद पर खुद CM धामी में संभाला मोर्चा, फोन करके जाना गायक का हाल-चाल, ‘अतिथि देवो भवः’ पर कही ऐसी बात

CM Dhami Called Daler Mehndi: मुख्यमंत्री धामी ने प्रसिद्ध गायक दलेर मेंहदी से फोन पर बातचीत की और उनका कुशलक्षेम जाना। सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अतिथि देवो भवः की समृद्ध परंपरा का संवाहक है।

Image

सीएम धामी ने दलेर मेहंदी को किया फोन (फोटो साभार- @pushkardhami/thedalermehndiofficial)

CM Dhami Called Daler Mehndi: उत्तराखंड में सिंगर दलेर मेंहदी से जुड़े विवाद के बाद अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद मोर्चा संभाला है। मुख्यमंत्री धामी ने प्रसिद्ध गायक दलेर मेंहदी से फोन पर बातचीत की और उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि प्रसिद्ध गायक श्री दलेर मेंहदी जी से फोन पर वार्ता कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान पिछले दिनों हुए घटनाक्रम को लेकर भी चर्चा हुई।

CM धामी ने दलेर मेहंदी को लगाया फोन

सीएम धामी ने अपने पोस्ट में देवभूमि की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अतिथि देवो भवः की समृद्ध परंपरा का संवाहक है। हमारी लोकसंस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और सौहार्द की भावना ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान है। यहां कला, संस्कृति और कलाकारों का हमेशा स्वागत और सम्मान किया जाता रहा है। हमारा प्रयास है कि इस घटनाक्रम को पीछे छोड़कर आपसी संवाद, सौहार्द और सकारात्मकता की भावना के साथ आगे बढ़ा जाए।

मीका सिंह से भी फोन पर की बात

इससे पहले मुख्यमंत्री ने सिंगर मीका सिंह से भी फोन पर बात की थी। मीका सिंह, दलेर मेंहदी के भाई हैं और उन्होंने इस पूरे मामले में मंत्री से माफी की मांग की थी। सीएम धामी ने मीका सिंह से बातचीत को लेकर भी पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा था कि आज प्रसिद्ध गायक मीका सिंह जी से दूरभाष पर बातचीत की। दलेर मेंहदी जी से जुड़े विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि किसी भी तरह की गलतफहमी को आपसी संवाद और सौहार्द से दूर किया जाना चाहिए। देवभूमि उत्तराखंड अतिथि देवो भवः की हमारी महान परंपरा का संवाहक है। यहां सभी कलाकारों का हमेशा हृदय से स्वागत और सम्मान है।

क्या है पूरा विवाद?

गौरतलब है कि यह पूरा विवाद उत्तराखंड के नई टिहरी में एक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ था। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में दलेर मेंहदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान राज्य सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर आए और गायक से ऊंची आवाज में पूछा कि क्या उन्होंने शराब पी रखी है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

CM धामी ने किया था मंत्री का बचाव

इस विवाद पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि मंत्री जी ने खुद बताया कि उन्हें दलेर मेंहदी की खराब तबीयत के बारे में जानकारी नहीं थी। मंत्री ने खुद आगे आकर इस मामले पर अपनी बात रखी है। ये सभी जाने-माने कलाकार हैं। उत्तराखंड की भूमि लेखकों, कलाकारों और विद्वानों का सम्मान करती है। उस समय लोगों के दबाव के कारण जो स्थिति बनी, उसे देखते हुए मंत्री जी ने खुद बयान जारी कर स्पष्ट कर दिया है कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था, इसलिए अब सभी को इस मामले को यहीं खत्म करना चाहिए।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article