वायरल न्यूज़

Viral Video: चालान से बचने के लिए पति ने काटा ऐसा कट, चलती बाइक से गिर गई पत्नी, मुड़कर भी नहीं देखा

Viral Video: उत्तराखंड के रुद्रपुर में बिना हेलमेट के बाइक चला रहे युवक को ट्रैफिक पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोकने की कोशिश की। चालान कटने के डर से पति ने कट मारते हुए बाइक की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे पीछे बैठी पत्नी बीच सड़क पर गिर पड़ी। हैरानी की बात ये है कि पति रुका तक नहीं और पत्नी को वहीं छोड़ बाइक भगा ले गया।

Image

चालान से बचने के लिए पति ने उठाया खौफनाक कदम

Viral Video: उत्तराखंड के रुद्रपुर जिले के त्रिशूल चौक से एक अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। आम तौर पर लोग ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग देखकर अपनी रफ्तार धीमी कर लेते हैं या साइड में गाड़ी रोक देते हैं। लेकि, यहां एक जनाब को चालान कटने का डर इतना सताया कि उन्होंने अपनी और अपनी पत्नी की जान को ही दांव पर लगा दिया। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग जमकर चटकारे ले रहे हैं।

    दरअसल, रुद्रपुर में ट्रैफिक पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना हेलमेट और बिना नंबर प्लेट वाली एक बाइक पर सवार युवक आता दिखा। जब ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया, तो चालान के खौफ से बौखलाए युवक ने गाड़ी रोकने के बजाय अचानक तेज रफ्तार में कट मारकर भागने की कोशिश की। पति द्वारा अचानक और लापरवाही से ली गई इस शार्ट टर्न की वजह से बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक की पिछली सीट पर बैठी उसकी पत्नी संभल नहीं सकी और सीधे चलती बाइक से बीच सड़क पर गिर पड़ी। हैरानी की बात तो यह रही कि पत्नी के गिरने के बावजूद उस शख्स ने बाइक रोकने या पीछे मुड़कर देखने की जहमत तक नहीं उठाई। वह, अपनी पत्नी को वहीं असहाय हालत में छोड़कर बाइक को फुल स्पीड में भगा ले गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही महिला सड़क पर गिरती है, वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवान बिना एक पल गंवाए तुरंत उसकी तरफ दौड़ पड़ते हैं। पुलिसकर्मियों ने महिला को उठाकर सुरक्षित सड़क के किनारे पहुंचाया और उससे उसका हाल-चाल पूछा। देखें वीडियो...

    चालान से बचने के लिए पति का खौफनाक कदम

    गनीमत यह रही कि पीछे से कोई तेज रफ्तार भारी वाहन नहीं आ रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला को कोई गंभीर चोट नहीं आई थी और पुलिस अधिकारियों ने जरूरी बातचीत व काउंसिलिंग के बाद उसे सुरक्षित घर भेजने का इंतजाम किया। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद लोग वीडियो पर जमकर कमेंट कर रहे हैं। एक तरफ जहां पुलिस की मुस्तैदी और मानवीय रवैये की जमकर तारीफ हो रही है, वहीं दूसरी ओर पति की इस गैर-जिम्मेदाराना और बेपरवाह हरकत पर नेटिजन्स उसे जमकर ट्रोल कर रहे हैं। कुछ लोग पति को 'हसबैंड ऑफ द ईयर' बता रहे हैं। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article