Delhi Airport Row: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर हुए विवाद को लेकर शुक्रवार को आरोप लगाया कि उन्हें करीब दो घंटे तक बैठाकर रखा गया और बार-बार कहा गया कि उनके सामान की जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट विवाद पर क्या बोले भगवंत मान?
समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर हुए हालिया विवाद को लेकर कस्टम हेड मनीष पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हमें दो घंटे तक वहीं बैठाकर रखा और बार-बार कहते रहे कि वह हमारा सामान चेक कर रहे हैं, लेकिन उन्हें हमारे सामान में कुछ नहीं मिला। दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम हेड मनीष, मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के सगे भाई हैं।
उन्होंने कहा कि मनीष ज्ञानेश कुमार से सगे भाई हैं और कभी-न-कभी जब उनको मौका मिलता है वह बदला ले लेते हैं।
रामलीला मैदान में कांग्रेस का प्रदर्शन
रामलीला मैदान पर एक नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदर्शन करना उनका (कांग्रेस) लोकतांत्रित अधिकार है और उनकी पार्टी की अपनी नीति होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच सीट बंटवारे को लेकर चर्चा तेज, ग्रैंड ओल्ड पार्टी ने सौंपी 172 सीटों की सूची!
क्या है एयरपोर्ट विवाद ?
भगवंत मान जब हाल ही में पेरिस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फूड ट्रेड एग्जीबिशन से लौटे तो उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर रोका गया। उस वक्त आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री मान को दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन घंटे रोका गया और 50 हजार रुपये का चालान भी काटा गया। जबकि मान को पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट ने फ्रांस दौरे की अनुमति दी थी। हालांकि, मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि उन्हें दो घंटे एयरपोर्ट पर बैठाया गया।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी बलतेज पन्नू ने एक्स पर आरोप लगाया था कि अधिकारियों ने शुरू में जांच में देरी का हवाला दिया। साथ ही, उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने यह कहते हुए चालान किया कि ऊपर से वह भारी दबाव में हैं। हालांकि, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने तीखा तंज कसते हुए कहा था कि उनसे पूछिए कि जुर्माना आखिर किस बात पर लगाया गया।
