वायरल न्यूज़

Video: लड़कियों को परेशान कर बना रहा था रील, दिल्ली पुलिस ने 'बाबू राव' स्टाइल में उतारा वायरल होने का भूत

दिल्ली में रील बनाने के लिए लड़कियों को सड़क पर परेशान करने वाले युवक पर पुलिस ने कार्रवाई की। 'बाबू राव' स्टाइल में दिया गया दिल्ली पुलिस का जवाब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

Image

दिल्ली पुलिस ने शेयर किया यह वायरल वीडियो (X/@DelhiPolice)

Viral Video: सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में कुछ लोग ऐसी हरकतें कर बैठते हैं, जो खतरनाक तो होती ही है, साथ में वह कानून के खिलाफ भी होता है। फिलहाल ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जहां एक युवक सिर्फ रील बनाने और व्यूज बटोरने के चक्कर में सड़क पर चल रही लड़कियों को जानबूझकर परेशान करता नजर आया, लेकिन उसकी यह हरकत उस पर ही भारी पड़ गई।

वीडियो के लिए लड़कियों को परेशान करता था युवक

वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि युवक बाइक पर सवार होकर लड़कियों की स्कूटी के पीछे जाता था और हल्का धक्का मार देता था। अचानक धक्का लगने से स्कूटी का बैलेंस बिगड़ जाता था और फिर लड़कियों पीछे मुड़कर जब उसे देखती तो वह तुरंत सॉरी... सॉरी... सॉरी... बोलने लगता। ऐसे में सामने वाला उसे सिर्फ एक गलती समझकर छोड़ देता था। उन्हें यह नहीं पता होता कि युवक ने ऐसा जानबूझकर किया है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

दिल्ली पुलिस ने क्रिएटिव तरीके से शेयर किया यह वीडियो

ये वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोगों ने इसे मजाक नहीं, बल्कि बेहद गैर-जिम्मेदाराना हरकत बताया। वीडियो के वायरल होने के बाद जब इस वीडियो पर दिल्ली पुलिस की नजर पड़ी तो उन्होंने युवक को कानून का पाठ बहुत तरीके से पढ़ाया। मामला बढ़ने के बाद दिल्ली पुलिस ने भी तुरंत एक्शन लिया। मामले को लेकर डीसीपी वेस्ट दिल्ली की ओर से शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। इतना ही नहीं, दिल्ली पुलिस ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर बहुत ही क्रिएटिव तरीके से वीडियो बनाकर शेयर किया।

दिल्ली पुलिस ने फिल्मी अंदाज में सिखाया कानून का सबक

वीडियो (Video) में बॉलीवुड फिल्म 'फिर हेरा फेरी' का मशहूर डायलॉग "तेरा तो गेम बजाना पड़ेगा" वाला मीम का इस्तेमाल किया गया है। पुलिस ने बड़े ही मजेदार तरीके से मैसेज देते हुए यह साफतौर पर कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए किसी की सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को कानून बिल्कुल नहीं छोड़ेगा। दिल्ली पुलिस की इस क्रिएटिव पोस्ट को लोगों ने खूब पसंद किया। कई यूजर्स ने लिखा कि युवाओं तक कानून का संदेश पहुंचाने का यह शानदार तरीका है। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि समय रहते ऐसी कार्रवाई होना जरूरी है, ताकि दूसरे लोग भी ऐसी हरकत करने से पहले सौ बार सोचें।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article