सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बेहद भावुक और प्यारा वीडियो वायरल हो रहा है। जिसे देख लोग इमोशनल हो गए। वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक भाई अपनी बहन को उसकी शादी से पहले ऐसा सरप्राइज देता है कि उसकी आंखों से आंसुओं की धार बहने लगती है। वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोग इस वीडियो पर भाई-बहन के अनमोल रिश्ते पर अपनी बात रखते हुए नजर आए।
कनाडा से आया भाई, शादी से पहले बहन को दिया इमोशनल सरप्राइज
वीडियो में बताया गया है कि बहन की शादी पर एक भाई खासतौर पर कनाडा से भारत आया था ताकि वह इस खास मौके पर अपनी बड़ी बहन को खुश कर सके। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @meeett_irl नाम के यूजर ने शेयर किया है। साथ ही एक भावुक कैप्शन भी लिखा, जिसमें लिखा है कि उनका रिश्ता प्यार, लड़ाई, मजाक और अपनापन से भरा हुआ है, और वे एक-दूसरे के साथ पूरी तरह खुद बनकर रह सकते हैं।
भाई को देखते ही गले से लगकर रोने लगी बहन
वीडियो में देखा जा सकता है कि होने वाली दुल्हन एक कमरे में आती है। जहां उसका परिवार और दोस्त पहले से मौजूद होते हैं। सभी लोग उसका खुशी से स्वागत करते हैं। वह सभी से मिलती रहती है, लेकिन उसे इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं होता कि उसका भाई भी वहीं मौजूद है। अचानक उसकी नजर भीड़ में खड़े अपने भाई पर पड़ती है। जैसे ही वह उसे पहचानती है, वह दौड़कर उसके पास जाती है और उसे कसकर गले लगाकर रोने लगती है। इस दौरान बहन की आंखों से खुशी के आंसू निकल आते हैं और कमरे में मौजूद सभी लोग तालियां बजाकर इस खूबसूरत पल का जश्न मनाते हैं।
वीडियो देखकर भावुक हुए लोग
इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भाई-बहन के इस अनमोल रिश्ते पर जमकर अपना प्यार लुटाया है। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा कि जिनके पास बहन नहीं है, उनके लिए यह वीडियो और भी ज्यादा भावुक है, वहीं दूसरे ने मजाकिया अंदाज में कमेंट करते हुए लिखा, “अजनबियों के लिए रोना अब मेरा पसंदीदा शौक बन गया है।” जबकि कई अन्य लोगों ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "शादी जैसे खास मौके पर परिवार के साथ मिलना और ऐसे सरप्राइज जिंदगी के सबसे यादगार पलों में से एक होते हैं।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
