Viral Video: भारत की खूबसूरती ऐसी है कि यहां घूमने आने वाले विदेशी पर्यटक भी कई बार इसकी यादों में खो जाते हैं। यहां की प्रकृति, संस्कृति और लोगों का अपनापन उन्हें लंबे समय तक याद रहता है। अब ब्रिटेन की डिजिटल कंटेंट क्रिएटर डीआना (Deanna) की लद्दाख यात्रा भी सोशल मीडिया (Social Media) पर खूब वायरल हो रही है। डीआना ने एक ट्रैवलर ग्रुप के साथ लद्दाख में करीब सात दिन बिताए। उन्होंने इस पूरे सफर के कई खूबसूरत पल सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं। उनका कहना है कि लद्दाख ने उन्हें सिर्फ खूबसूरत जगहें नहीं दिखाईं, बल्कि खुद को समझने और जिंदगी को नए तरीके से देखने का मौका भी दिया।
सुबह 4 बजे देखा खूबसूरत सनराइज
डीआना के लिए लद्दाख की यात्रा की शुरुआत ही खास रही। उन्होंने सुबह करीब 4 बजे उठकर लेह में सूर्योदय का खूबसूरत नजारा देखा। इसके अलावा वह शांति स्तूप और लेह पैलेस भी गईं। पहाड़ों के बीच मौजूद इन जगहों की खूबसूरती ने उनका ध्यान अपनी ओर खींचा लेकिन इस ट्रिप का सबसे अलग अनुभव उन्हें रुम्बक गांव में मिला। यहां उन्होंने करीब 24 घंटे बिना इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क के बिताए। आज के समय में जब ज्यादातर लोग हर समय फोन से जुड़े रहते हैं, ऐसे में बिना इंटरनेट के पूरा दिन बिताना उनके लिए काफी खास रहा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
मोबाइल से दूर, खुद के करीब
रुम्बक गांव में चारों तरफ पहाड़, शांत वातावरण और दोस्तों का साथ था। डीआना ने बताया कि इस दौरान उन्हें अपने विचारों और भावनाओं को समझने का मौका मिला। वह रोज करीब एक घंटे के ‘मंडला सेशन’ में भी शामिल होती थीं। लद्दाख में उन्होंने स्थानीय जीवन का भी आनंद लिया। दोस्तों के साथ मिलकर मोमोज बनाए और शाम के समय गाना-बजाना और डांस भी किया। इन छोटी-छोटी चीजों ने उनकी यात्रा को और यादगार बना दिया।
तारों भरे आसमान के नीचे सोना रहा खास
डीआना के मुताबिक, दिनभर घूमने और मस्ती करने के बाद तारों से भरे आसमान को देखते हुए सोना उनके सफर के सबसे खूबसूरत पलों में से एक था। उनकी सात दिन की लद्दाख यात्रा अब सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है। डीआना का अनुभव बताता है कि कभी-कभी जिंदगी की असली खुशी इंटरनेट और भागदौड़ से दूर, प्रकृति के बीच कुछ शांत पल बिताने में मिलती है। लद्दाख उनके लिए सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं रहा, बल्कि ऐसा अनुभव बन गया जिसने उन्हें जिंदगी को एक अलग नजरिए से देखने का मौका दिया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
