झूले से गिरे दूल्हा-दुल्हन (Instagram/@a_one_rajasthan)
भारत में शादियाँ भव्यता और रंगीनियत के लिए काफी मशहूर हैं, लेकिन पिछले कुछ सालों में इस भव्यता को दुनिया के सामने दिखाने का रिवाज बन गया है। जिसके लिए लोग सोशल मीडिया का सहारा लेते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल होने के दबाव में दूल्हा-दुल्हन की ग्रैंड एंट्री अब एक खतरनाक प्रतियोगिता में बदल चुकी है। जहां दूल्हा-दुल्हन को क्रेन से लटकाकर या हेलीकॉप्टर से उतारकर या फिर हवा में झूला झूलते हुए स्टेज पर पहुँचाया जाता है। बस इसलिए कि इस ग्रैंड एंट्री की जो वीडियो बने उसे देख 4 लोग तारीफ जरूर करें। लेकिन हाल में ही एक शादी में इस ग्रैंड एंट्री ने यह साबित कर दिया कि यह जुनून अब जानलेवा हो चुका है। जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में दूल्हा-दुल्हन को भारी-भरकम सजे हुए झूले पर हवा में लटकाकर स्टेज की ओर ले जाया जा रहा था। बैकग्राउंड में जोरदार म्यूजिक और चारों तरफ से आतिशबाजी हो रही थी। देखने से सब कुछ फिल्मी लग रहा था। जैसे ही झूला स्टेज के ठीक ऊपर पहुंचा, अचानक झूले में बंधी एक तरफ की चेन टूट गई। अगले ही पल झूला लड़खड़ाया और दूल्हा-दुल्हन तेज आवाज के साथ स्टेज पर जा गिरे।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि गिरते ही मेहमान और रिश्तेदार चीखते-चिल्लाते दौड़े। शुक्र मनाइए कि ऊँचाई बहुत ज्यादा नहीं थी, फिर भी दोनों को चोट तो जरूर आई होगी। दूल्हा-दुल्हन के सपनों की एंट्री पल भर में हादसे में बदल गई। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @a_one_rajasthan नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोग देख चुके हैं। कमेंट बॉक्स में लोगों का गुस्सा, दुख और हैरानी देखने को मिला। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, “ये नए-नए ट्रेंड दूल्हा-दुल्हन की जान ले लेंगे।” दूसरे ने लिखा, “लाखों रुपए खर्च करके अपनी जान खतरे में डालना समझ से बाहर है।” तीसरे ने लिखा, “ऐसे इवेंट मैनेजर को शादी में घुसने ही मत दो भाई।” चौथे ने लिखा, “सादगी से शादी करो, जिंदा तो रहोगे।”
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। वायरल (Viral News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।