सोशल मीडिया पर चोरी के कई CCTV फुटेज वायरल होते हैं। हाल में ही चोरी का जो वीडियो सामने आया है, वह लोगों को हैरान कर रहा है। दरअसल, ये चोरी किसी दुकान या फिर बैंक में नहीं बल्कि एक सैलून में हुई। जिसका वीडियो सैलून में मौजूद CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
रिसेप्शनिस्ट को बातों में उलझाकर लड़के ने चुराए पैसे
वीडियो में देखा जा सकता है कि सैलून में बाल कटाने आए दो लड़के रिसेप्शनिस्ट से बातें करते दिख रहे हैं। जैसे ही रिसेप्शन पर बैठी महिला किसी अन्य व्यक्ति से बात करने में व्यस्त हो जाती है, वैसे ही एक लड़का रिसेप्शन डेस्क पर रखी पूजा की थाली से नोट को सरकाते हुए अपनी जेब में रख लेता है। फिर वह रिसेप्शनिस्ट से थोड़ी बातें कर सैलून से निकल जाता है।
क्या गार्ड ने चोरी करते देखा?
इस वायरल हो रहे वीडियो में लोग सबसे ज्यादा चर्चा सैलून में मौजूद गार्ड की कर रहे हैं। जो उन लड़कों को पैसे चुराते हुए देख भी रहा था, फिर उसने बिना कुछ कहे उन लड़कों को पैसे लेकर जाने दिया। लड़के चुपचाप पैसे लेकर निकल जाते हैं और गार्ड उन्हें रोकने की कोशिश भी नहीं करता है।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया
वायरल हो रहे चोरी का यह वीडियो सोशल साइट एक्स पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक 17 लाख लोगों ने देखा और 8 हजार लोगों ने लाइक किया है। वीडियो पर कई लोगों के कमेंट भी आए हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "भाई भगवान सब देख रहे हैं।" दूसरे ने लिखा, "बाकी सारे चोरों ने इसको अपना गुरु बना लिया है।" तीसरे ने लिखा, "गजब का हाथ साफ कर दिया पैसों पर, बहुत टैलेंट है बंदे में, पीछे खड़ा गार्ड भी देख ना सका।"
