लाइफस्टाइल

बीज से करी पत्ता कैसे उगाएं, Urban Gardening से सीखें घर पर कड़ी पत्ते का पौधा लगाने का आसान तरीका

How to Grow Curry Leaf From Seeds: बीज से करी पत्ता कैसे उगाएं? Urban Gardening से जानें सही बीज चुनने, गमले में मिट्टी तैयार करने, पानी देने और करी पत्ते के पौधे की देखभाल का आसान तरीका।

Image

बीज से करी पत्ता कैसे उगाएं, बागवानी एक्सपर्ट से सीखें आसान तरीका (AI Image)

How to Grow Curry Leaf Plant From Seeds at Home: किचन में तड़का लगाते समय अगर ताजा करी पत्ता मिल जाए तो खाने की खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं। सांभर हो, पोहा हो या नारियल की चटनी, करी पत्ते की कुछ पत्तियां भी खाने का स्वाद बदल देती हैं। लेकिन अक्सर बाजार से लाया गया करी पत्ता कुछ ही दिनों में सूख जाता है। ऐसे में क्यों न घर की बालकनी या छत पर इसका पौधा उगा लिया जाए!

अच्छी बात यह है कि करी पत्ते का पौधा लगाने के लिए न तो बड़ी जगह चाहिए और न ही बागवानी का बहुत अनुभव। इसे बीज से भी तैयार किया जा सकता है। यूट्यूब चैनल Urban Gardening पर करी पत्ते को बीज से उगाने का तरीका बताया गया है। इसमें सही बीज चुनने से लेकर मिट्टी तैयार करने, पानी देने और पौधे की देखभाल तक की जानकारी दी गई है। आइए जानते हैं कि घर पर बीज से करी पत्ता कैसे उगा सकते हैं।

बीज से करी पत्ता कैसे उगाएं (How to Grow Curry Leaf From Seeds)

1. सबसे पहले सही बीज चुनें

करी पत्ते के पौधे पर गर्म मौसम में छोटे सफेद फूल आते हैं। बाद में इनसे हरे फल बनते हैं, जो पकने पर चमकदार काले हो जाते हैं। इन्हीं फलों के अंदर करी पत्ते के बीज होते हैं। Urban Gardening के अनुसार, बीज निकालने के लिए पूरी तरह पके हुए काले फल चुनने चाहिए। कच्चे फलों की तुलना में पके हुए ताजे बीजों से पौधा निकलने की संभावना बेहतर रहती है। ध्यान रखें कि फल का गूदा खाने के लिए नहीं है।

2. करी पत्ते के पौधे के लिए कैसा गमला लें

करी पत्ते के बीज लगाने के लिए शुरुआत में बहुत बड़े गमले की जरूरत नहीं है। लगभग 6 से 8 इंच चौड़ा और 8 से 10 इंच गहरा गमला ले सकते हैं। गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर होना चाहिए। इससे मिट्टी में जरूरत से ज्यादा पानी जमा नहीं होगा। पौधा बड़ा होने पर इसे बड़े गमले में लगाया जा सकता है।

3. करी पत्ते के लिए मिट्टी कैसे तैयार करें

पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए मिट्टी का सही होना जरूरी है। Urban Gardening के वीडियो में लगभग 60 प्रतिशत बगीचे की मिट्टी और 40 प्रतिशत अच्छी तरह सड़ी गोबर की खाद मिलाने की सलाह दी गई है। मिट्टी ऐसी होनी चाहिए जिसमें पानी आसानी से निकल सके। अगर मिट्टी बहुत भारी है तो उसमें थोड़ी मोटी रेत या अन्य उपयुक्त ड्रेनेज सामग्री मिलाई जा सकती है। इससे जड़ों के आसपास हवा बनी रहती है।

4. करी पत्ते का बीज लगाने का सही तरीका

पके हुए काले फल को हल्के हाथ से दबाकर उसका गूदा अलग कर लें। अंदर हरे रंग का बीज मिलेगा। कभी-कभी एक फल में दो बीज भी हो सकते हैं। बीज के ऊपर मौजूद पतली पारदर्शी झिल्ली को हटाना जरूरी नहीं है।

अब तैयार मिट्टी में लगभग आधा इंच गहरा छोटा गड्ढा बनाएं। इसमें एक बीज रखें और ऊपर से मिट्टी डाल दें। मिट्टी को हल्के हाथ से दबाएं ताकि बीज उसके संपर्क में रहे। इसके बाद धीरे-धीरे पानी दें।

5. करी पत्ते का बीज कितने दिन में उगता है

Urban Gardening के अनुसार, अनुकूल परिस्थितियों में करी पत्ते के बीज लगभग 10 से 15 दिनों में अंकुरित हो सकते हैं। हालांकि, तापमान, बीज की ताजगी और मिट्टी की नमी के कारण ज्यादा समय भी लग सकता है।

बीज उगाने के लिए लगभग 22 से 36 डिग्री सेल्सियस तापमान अनुकूल बताया गया है। इस दौरान मिट्टी को हल्का नम रखें। रोज पानी डालना जरूरी नहीं है। उंगली से मिट्टी जांचें और ऊपरी परत सूखी लगे तभी पानी दें। बहुत ज्यादा पानी से बीज सड़ सकते हैं।

6. करी पत्ते के पौधे को कितनी धूप चाहिए

करी पत्ते का पौधा अच्छी रोशनी में तेजी से बढ़ता है। विकसित पौधे को रोज लगभग 6 से 8 घंटे धूप मिलना फायदेमंद हो सकता है। लेकिन नए अंकुर को शुरुआत में तेज दोपहर की धूप से बचाना चाहिए।

खासतौर पर गर्मियों में जब तापमान 38 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच जाए, तब एक साल से छोटे पौधों को हल्की छाया में रखें। सुबह की धूप और दोपहर में थोड़ी छाया नए पौधे के लिए बेहतर हो सकती है।

7. करी पत्ते के पौधे में कौन सी खाद डालें

करी पत्ते की खेती मुख्य रूप से इसकी हरी पत्तियों के लिए की जाती है। इसलिए पौधे को ऐसे पोषक तत्व चाहिए जो पत्तियों की बढ़त में मदद करें। अच्छी तरह सड़ी गोबर की खाद, पत्तियों से बनी खाद और जरूरत के अनुसार संतुलित पोषण दिया जा सकता है।

Urban Gardening के मुताबिक, वसंत और गर्मियों में सक्रिय बढ़त के दौरान लगभग चार से पांच सप्ताह के अंतराल पर खाद दी जा सकती है। हालांकि, छोटे गमले में खाद की मात्रा सीमित रखें। सर्दियों में जब पौधे की बढ़त धीमी हो जाए तो खाद देना कम या बंद कर दें।

करी पत्ते का पौधा कितने महीने में बड़ा होता है

बीज से तैयार करी पत्ते के पौधे को अच्छी तरह स्थापित होने में लगभग 6 से 8 महीने लग सकते हैं। शुरुआती महीनों में इसकी बढ़त धीमी दिखाई दे सकती है। इसलिए जल्दी-जल्दी गमला बदलने या ज्यादा खाद डालने से बचें।

जब पौधा पर्याप्त बड़ा और घना हो जाए, तब जरूरत के अनुसार थोड़ी पत्तियां तोड़ी जा सकती हैं। बहुत छोटे पौधे से बार-बार पत्तियां तोड़ने पर उसकी ग्रोथ प्रभावित हो सकती है।

करी पत्ते का पौधा सूखने लगे तो क्या करें

कई बार पौधे की पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं या नई पत्तियां निकलना बंद हो जाती हैं। इसकी वजह जरूरत से ज्यादा पानी, खराब ड्रेनेज, कम धूप या मौसम में अचानक बदलाव हो सकता है। ऐसे में सबसे पहले गमले की मिट्टी और पानी निकलने की व्यवस्था जांचें।

सर्दियों में करी पत्ते की बढ़त धीमी होना सामान्य है। क्योंकि ठंडे इलाकों में इसकी कुछ पत्तियां झड़ भी सकती हैं। पौधे को ठंडी हवा और पाले से बचाएं।

नोट करें कि करी पत्ते के बीज जल्दी अपनी अंकुरण क्षमता खो सकते हैं। इसलिए फल से बीज निकालने के बाद उन्हें लंबे समय तक स्टोर करने के बजाय जल्द बोना बेहतर है।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article