Rajasthan Weather: राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश का असर अब तापमान पर भी दिखने लगा है। राज्य के कई जिलों में रात के तापमान में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई है और कई जगहों पर पारा 20 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच गया है। आज कल यानी मंगलवार 20 अक्टूबर को सीकर में सबसे ठंडी रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस बीच दक्षिणी राजस्थान के कुछ इलाकों में आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी बुधवार 21 अक्टूबर से अगले तीन दिन तक राज्य में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। हालांकि, 24 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक्टिव हो सकता है, जिसके प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में फिर मौसम बदलने और बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, सीकर और झुंझुनूं में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में बारिश से बढ़ी ठंडक
अरब सागर से आ रही हवाओं के प्रभाव से कल दक्षिणी राजस्थान के कई जिलों में मौसम बदला। राजसमंद, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, पाली, बूंदी, सिरोही और उदयपुर के कुछ इलाकों में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। भीलवाड़ा और राजसमंद में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। बारिश के कारण इन इलाकों में ठंडक बढ़ गई है।
दूसरी तरफ, पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जोधपुर, जैसलमेर और बीकानेर में मंगलवार को मौसम साफ रहा। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे साफ है कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है।
सीकर में माउंट आबू से भी ठंडी रात
मंगलवार को सीकर राज्य के सबसे ठंडे इलाकों में रहा। यहां न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो माउंट आबू के 15.5 डिग्री से भी कम था। फतेहपुर की रात भी काफी ठंडी रही, यहां न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अजमेर, नागौर, चूरू सहित 10 से ज्यादा जिलों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। राजधानी जयपुर में भी बारिश का असर देखने को मिला। यहां न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, मंगलवार को जयपुर में दिन के समय मौसम साफ रहा।
आ रहा एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक, अगले तीन दिन राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान धूप निकलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात में ठंडक बनी रह सकती है इसके बाद 24 अक्टूबर से नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की संभावना है। इसका प्रभाव बीकानेर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में दिखाई दे सकता है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, सीकर और झुंझुनूं में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
ऐसे में राजस्थान के लोगों को फिलहाल कुछ दिन साफ मौसम मिलने की उम्मीद है, लेकिन 24 अक्टूबर से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। बारिश और तापमान में गिरावट को देखते हुए मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर लगातार नजर बनाए रखना जरूरी होगा।
