वायरल न्यूज़

बिट्टू तबाही का अब दिल्ली में 'तूफान', 4.5 घंटे में यमुना से 585 KG कचरा किया साफ, देखें VIDEO

Viral Video: एमपी के अजनार नदी से सफाई अभियान शुरू करने बिट्टू तबाही अब दिल्ली में धमाल मचान में जुट गए हैं। 'वर्ल्ड क्लीनअप डे' के मौके पर बिट्टू ने अपनी टीम के साथ कड़ी मेहनत करते हुए 4.5 घंटे में यमुना किनारे से 585 किलोग्राम प्लास्टिक, पूजा सामग्री, फूल-मालाएं और कचरा साफ किया।

Image

बिट्टू तबाही ने दिल्ली में मचाया धमाल (तस्वीर साभार- @bittu_tabahi)

Viral Video: इंटरनेट पर 'एक अकेला इंसान बदलाव ला सकता है' की मिसाल बनने वाले सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ 'बिट्टू तबाही' (Bittu Tabahi Video) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। मध्य प्रदेश की अजनार नदी को अपने दम पर साफ करने वाले बिट्टू तबाही अब अपनी देशव्यापी स्वच्छता मुहिम के तहत देश की राजधानी दिल्ली पहुंचे हैं। 20 सितंबर को 'वर्ल्ड क्लीनअप डे' के अवसर पर बिट्टू तबाही ने अपनी टीम और स्थानीय वॉलिंटियर्स के साथ मिलकर दिल्ली में यमुना नदी के घाट पर एक बड़ा सफाई अभियान चलाया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

    बिट्टू तबाही द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि यमुना नदी का किनारा प्लास्टिक की बोतलों, फटे हुए कपड़ों, फूल-मालाओं और भगवान की खंडित मूर्तियों व धार्मिक अवशेषों से भरा पड़ा था। ऑरेंज रंग के सेफ्टी ग्लव्स , मास्क और सफाई उपकरणों से लैस होकर बिट्टू और उनकी टीम ने अभियान की शुरुआत की। महज साढ़े चार घंटे की कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने नदी किनारे से लगभग 585 किलो कचरा एकत्र कर उसे पूरी तरह साफ कर दिया। वीडियो में साफ तौर पर 'BEFORE' और 'AFTER' का हैरान कर देने वाला बदलाव देखा जा सकता है। बिट्टू तबाही ने बताया कि देश के अलग-अलग राज्यों में जाकर स्वच्छता जागरूकता फैलाने के उनके जुनून को देखकर फिलिप मॉरिस ने उनसे संपर्क किया और इस दिल्ली क्लीनअप ड्राइव को स्पॉन्सर व सपोर्ट किया। संस्था ने सफाई के लिए आवश्यक औजार, टूलकिट और ट्रांसपोर्ट की सुविधा मुहैया कराई, जिससे इस मुहिम को बड़ा रूप दिया जा सका। देखें वीडियो...

    बिट्टू तबाही का धमाल

    आपको बता दें कि मध्य प्रदेश के ब्यावरा के रहने वाले बिट्टू तबाही पहली बार तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने अकेले ही प्रदूषित अजनार नदी को साफ करने की ठानी थी। उनके काम के वीडियो इतने वायरल हुए कि आनंद महिंद्रा और पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की। दुनिया की सबसे बड़ी ओशन क्लीनअप संस्था 'The Ocean Cleanup' के सीईओ बोयान स्लैट ने खुद बिट्टू को अपने साथ काम करने का ऑफर दिया था। बिट्टू तबाही की यह 3-दिवसीय स्वच्छता ड्राइव केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। यमुना किनारे 585 किलो कचरा साफ करने के बाद उनका अगला पड़ाव गुरुग्राम के खेड़की दौला में हुआ, जहां उन्होंने 2,435 किलो कचरा निकाला। इसके बाद वह नोएडा के युवा शक्ति घाट पर सफाई अभियान चलाने पहुंचे हैं।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article