Ajab Gajab: स्वीडन की एक कंपनी के लिए रिमोट मोड में काम करने वाले बेंगलुरु के एक शख्स का किस्सा सोशल मीडिया पर खूब छाया हुआ है। शख्स अपने शहर में बार-बार बिजली कटौती पर निराशा व्यक्त कर रहा था जिसके बाद उसको ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। 'मैं अपने नॉर्डिक बॉस को बार-बार बिजली कटौती के बारे में कैसे समझाऊं?' शीर्षक वाली अपनी पोस्ट में यूजर ने बताया कि, वह इंदिरानगर में रहता है और स्वीडन में एक आईटी कंपनी के लिए दूर से काम करता है और उसके घर में बार-बार बिजली कटौती होती है। इसका नतीजा ये होता है कि, काम बाधित होता है और नॉर्डिक देश में उसके बॉस अब मानते हैं कि वह मीटिंग मिस करने के लिए बहाने बना रहा है।
रेडिट यूजर ने कहा कि, 'मैं एक छोटी आईटी कंपनी के लिए दूर से काम करता हूं, स्वीडन में सीईओ और सीटीओ को सीधे रिपोर्ट करता हूं। उन्होंने मुझे हेडहंट किया और एक भूमिका दी। उसमें दोपहर 12:30 बजे से शाम 6:30 बजे के बीच मीटिंग्स होती थीं। मैं इंदिरानगर, बेंगलुरु में रहता हूं, माना जाता है कि यह एक प्रमुख क्षेत्र है फिर भी हम सप्ताह में 2-3 बार लगातार, लंबे समय तक बिजली कटौती का सामना कर रहे हैं। ये कटौती अक्सर मेरी बैठकों के साथ ओवरलैप होती है, कुछ घंटों तक चलती हैं। मैं एक छोटे से 1BHK में रहता हूं और इन्वर्टर का खर्च नहीं उठा सकता। यह निराशाजनक और शर्मनाक है, खासकर तब जब यह क्षेत्र अच्छी तरह से विकसित माना जाता है। कुछ मीटिंग्स में शामिल न होने के बाद, अब मेरे सीईओ का व्यवहार मेरे प्रति संदेहपूर्ण है। उन्हें लगता है कि मैं बहाने बना रहा हूं। इससे हालात और खराब हो गए हैं। जब भी बिजली जाती है, मैं चिंतित हो जाता हूं।'
शख्स ने अपनी पोस्ट में कहा कि, 'मैंने बिजली कटौती का रिकॉर्ड रखना शुरू कर दिया है, लेकिन मुझे नहीं पता कि मैं इसे बिना रोए कैसे समझाऊं। मैं काम करना चाहता हूं। मैं बस अविश्वसनीय बुनियादी ढांचे के साथ फंस गया हूं जिसे मैं नियंत्रित नहीं कर सकता। यह 2025 है, और मैं भारत की तथाकथित तकनीकी राजधानी में रहता हूं, फिर भी मुझे बिजली कटौती के कारण अपनी नौकरी खोने की चिंता है।' ये कहते ही पोस्ट पर चर्चा शुरू हुई। एक यूजर ने शख्स को सुझाव दिया है कि कर्मचारी को रेडिट पर शिकायत करने के बजाय कोई वैकल्पिक समाधान ढूंढ़ लेना चाहिए। दूसरे ने कहा कि, 'अम्म, बाहर चले जाओ? दूर से काम करने के मामले को देखते हुए, आप बेंगलुरू में कहीं और बेहतर जगह पा सकते हैं। या फिर दूसरे शहरों में चले जाओ, जहां किराया कम है और आप इन्वर्टर खरीद सकते हैं। मैं बीटीएम/जेपी नगर के पास रहता हूं और हमारे यहां शायद ही कभी बिजली कटौती होती है।' एक और यूजर ने सुझाव देते हुए कहा कि, 'आपको जिम्मेदारी लेनी होगी और इसके बारे में कुछ करना होगा भाई। अपने नियोक्ता के लिए एक और सिरदर्द मत बनाइए। पहल करें और या तो इन्वर्टर लें, या लॉग इन रहने के लिए मोबाइल डेटा का उपयोग करें। अपने बॉस को पहले से बता दें कि आप अपनी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ये कदम उठा रहे हैं।'
शख्स को लगातार कई लोगों ने उसकी ही पोस्ट पर जवाब दिए। एक यूजर ने तो यहां तक कह दिया कि, 'समाधान खोजें। अपनी टीम के लिए नई समस्याएं न बनाएं।' एक अन्य ने कहा कि, 'आप भाग्यशाली हैं कि आपके पास वर्क फ्रॉम होम है। इससे पहले कि आपकी जगह कोई और आए, आवश्यक व्यवस्था कर लें।'
